श्री महालक्ष्मी मंदिर में गोमाता काे 56 भाेग अन्नकूट

पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में मंदिर में किया गया भव्य धार्मिक आयोजन

    11-Jun-2026
Total Views |

 ngdn

 सारसबाग, 10 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

सारसबाग के सामने स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में गोमाता के लिए 56 भोग अन्नकूट का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मंदिर में गाय और बछड़े का पूजन भी किया गया. भारतीय संस्कृति में गोमाता का अत्यंत विशेष महत्व है. इसी के चलते अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के उपलक्ष्य में मंदिर में यह पूजन और अन्नकूट किया गया. गाय के लिए आवश्यक हरा चारा, सूखा चारा, चना दाल, गुड़ सहित 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग (नैवेद्य) चढ़ाया गया. इसके अलावा इसमें लापशी, अनारसे और मैसूर पाक भी शामिल थे. ट्रस्ट के प्रमुख संस्थापक ट्रस्टी राजकुमार अग्रवाल और प्रमुख ट्रस्टी अमिता अग्रवाल सहित ट्रस्टी मंडल ने इन कार्यक्रमों का आयोजन किया है. इस अवसर पर ट्रस्टी एड. प्रताप परदेशी, प्रवीण चोरबेले, नारायण काबरा, हेमंत अर्नाळकर, रमेश पाटोदिया, मुरली चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और मंदिर के कार्यकर्ता उपस्थित थे. बताया गया कि सोमवार (15 जून) तक हर रोज शाम 5 बजे के बाद मंदिर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. देवी भक्तों से बड़ी संख्या में इन कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की गई है. हिंदू धर्म में अधिक मास, जिसे पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है, अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मास को भगवान विष्णु ने अपना नाम पुरुषोत्तम मास प्रदान किया था. इसलिए यह महीना भगवान विष्णु की उपासना, जप, तप, दान, व्रत और धार्मिक कार्यों के लिए विशेष फलदायी माना जाता है.