‌‘द बिशप्स’ स्कूल का नया बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स उद्घाटित

कार्यक्रम में डेरियस अडार पूनावाला मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

    11-Jun-2026
Total Views |
 
bfsb
पुणे, 10 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

शहर के प्रतिष्ठित और 160 वर्ष पुराने शैक्षणिक संस्थान द बिशप्स स्कूल में बुधवार को नए बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर पूनावाला परिवार की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. साइरस एस. पूनावाला के पोते डेरियस अडार पूनावाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, रिबन काट कर उद्घाटन तथा स्मारक पट्टिका के अनावरण के साथ हुई. कार्यक्रम में स्कूल के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र, पूर्व छात्र, अभिभावक तथा शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. पूनावाला समूह के सहयोग से निर्मित इस आधुनिक बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स के माध्यम से स्कूल परिसर में नए कक्षाओं, शैक्षणिक सुविधाओं और आधुनिक शिक्षण संसाधनों का विस्तार किया गया है. स्कूल प्रशासन के अनुसार, यह नई सुविधा छात्रों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ संस्थान की भविष्य की आवश्यकताओं को भी पूरा करेगी. अपने संबोधन में डेरियस अडार पूनावाला ने छात्रों और शिक्षकों से संवाद किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि पुणे की शैक्षणिक विरासत को आगे बढ़ाने में ऐसे संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पूनावाला परिवार के शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में योगदान की सराहना की. डॉ. साइरस एस. पूनावाला से लेकर वर्तमान पीढ़ी तक, पूनावाला परिवार का पुणे के विभिन्न संस्थानों और सामाजिक उपक्रमों से गहरा जुड़ाव रहा है. नई बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन के साथ इस परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ्‌‍. स्कूल प्रशासन ने वेिशास व्यक्त किया कि नई सुविधा आने वाले वर्षों में हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.