तिलक रोड, 11 जून (आज का आनंद न्यूजन नेटवर्क)
स्कूली कॉपियों के मुखपृष्ठ (कवर पेज) के माध्यम से ग्राहक पेठ कई वर्षों से ‘संस्कारक्षम कॉपियां’ नामक अभियान चला रहा है. ये कॉपियां रियायती दरों (कम कीमत) पर उपलब्ध कराई जाती हैं. आज के समय में कॉपियों पर विभिन्न अभिनेता- अभिनेत्रियों के चित्र होते हैं. लेकिन कॉपियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार मिलें, यही ग्राहक पेठ का प्रयास है. यह जानकारी ग्राहक पेठ के कार्यकारी संचालक सूर्यकांत पाठक ने दी. ग्राहक पेठ में इस वर्ष छत्रपति शिवाजी महाराज, संत ज्ञानेश्वर, स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों के चित्रों वाले मुखपष्ठ की कॉपियां उपलब्ध हैं. इसके साथ ही ‘पर्यावरण का संतुलन बनाए रखें’, ‘सेव ट्री’ (पेड़ बचाओ), व्यायाम, तथा देशभक्ति की भावना जगाने वाले और पर्यावरण रक्षा जैसे विभिन्न सामाजिक संदेश देने वाली कॉपियां इस बार विशेष रूप से बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई हैं. इस वर्ष ग्राहक पेठ में बच्चों के लिए विशेष विद्यार्थी गैलरी बनाई गई है, जिसमें कॉपियों (नोटबुक) के विभिन्न प्रकार उपलब्ध हैं. इसके साथ ही बेहतरीन क्वालिटी के लंच बॉक्स, वॉटर बॉटल और विभिन्न प्रकार के छाते भी उचित दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. सूर्यकांत पाठक ने बताया कि छात्रों को पढ़ाई करते समय महापुरुषों के चित्र देखकर उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए. कवर पेज पर दिए गए विभिन्न संदेशों के अनुसार उनका अनुकरण करना चाहिए और उनके वास्तविक व्यवहार में भी अच्छा आचरण दिखे, इसके लिए यह अनोखा उपक्रम हर साल चलाया जाता है.