पुणे, 11 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
पुणे की बेटी निधि सुधीर अग्रवाल ने भारतीय वायु सेना में पायलट बनकर शहर और समाज का नाम गौरवान्वित किया है. अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर उन्होंने एयरफोर्स की ऑल इंडिया रैंकिंग में 6वां स्थान प्राप्त किया है, जो किसी भी युवा के लिए अत्यंत गर्व और उपलब्धि का विषय माना जाता है. निधि अग्रवाल का चयन भारतीय वायु सेना के प्रतिष्ठित पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ था. कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और अथक परिश्रम के बाद अब वह भारतीय वायु सेना में एक अधिकारी और पायलट के रूप में राष्ट्र सेवा के लिए तैयार ह्ैं. उनकी पासिंग आउट परेड 13 जून 2026 को आयोजित होगी. इस अवसर पर देश के रक्षा मंत्री उपस्थित रहेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित करेंगे. परेड के दौरान सभी नव नियुक्त अधिकारी राष्ट्र की रक्षा और सेवा के लिए शपथ ग्रहण करेंगे.इस भव्य समारोह का सीधा प्रसारण सुबह 7 बजे से डीडी नेशनल तथा अन्य प्रमुख राष्ट्रीय समाचार चैनलों पर किया जाएगा, जिससे देशभर के नागरिक इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बन सकेंगे. निधि की इस उपलब्धि से पुणे शहर, उनके परिवार और समाज में हर्ष का वातावरण है. परिवारजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. निधि अग्रवाल की सफलता आज उन हजारों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखती हैं.