कात्रज दुग्ध संघ में कथित घाेटालाें की हाेगी जांच

    13-Jun-2026
Total Views |
 

katraj 
 
पुणे जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ मर्यादित (कात्रज दुग्ध संघ) में कथित आर्थिक अनियमितताओं की जांच की जाएगी. संदिग्ध फर्जी दुग्ध उत्पादक संस्थाओं के माध्यम से दर्शाए गए दुग्ध संकलन, नियमविरुद्ध सदस्यता वितरण, बढ़ते आर्थिक दायित्व तथा धार्मिक कार्यक्रम के लिए दर्शाए गए लगभग तीन हजार लीटर दूध वितरण के मामले में अंततः शासन काे हस्तक्षेप करना पड़ा है. इन गंभीर आराेपाें की जांच के लिए दाे सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है.दुग्ध विकास विभाग काे प्राप्त शिकायताें काे गंभीरता से लेते हुए विभागीय उपनिबंधक, सहकारी संस्था (दुग्ध), पुणे विभाग ने 11 जून 2026 काे आदेश जारी कर जांच समिति गठित की है. सहायक निबंधक, सहकारी संस्था (दुग्ध), पुणे श्रीकांत श्रीखंडे काे समिति का अध्यक्ष तथा जिला विशेष लेखापरीक्षक, वर्ग-2 सहकारी संस्था (पदुम), पुणे अनंत चिंधू आधारी काे सदस्य नियुक्त किया गया है. जांच में यह देखा जाएगा कि
 
क्या वास्तव में अस्तित्व में नहीं रहने वाली अथवा निष्क्रिय दुग्ध संस्थाओं के नाम पर दुग्ध संकलन दर्शाया गया था, क्या दुग्ध परिवहन व्यय में अनियमितताएं हुईं, तथा सदस्यता प्रदान करते समय उपविधियाें का उल्लंघन किया गया या नहीं. इसके साथ ही संघ की बढ़ती कर्जदारी के कारणाें की भी जांच की जाएगी. विशेष रूप से धार्मिक कार्यक्रम के लए लगभग तीन हजार लीटर दूध निःशुल्क वितरित किए जाने का दावा किया गया है. इस मामले में आवश्यक स्वीकृतियाें, संचालक मंडल के प्रस्ताव, आर्थिक अधिकाराें के उपयाेग तथा बाद में दी गई कार्याेत्तर स्वीकृति की भी गहन जांच की जाएगी.शिकायताें में कुछ दुग्ध संस्थाओं के नाम पर संदिग्ध दुग्ध संकलन दर्शाकर आर्थिक लेन-देन किए जाने का भी आराेप लगाया गया है. इसलिए समिति यह भी जांच करेगी कि वास्तव में दूध प्राप्त हुआ था या केवल कागजी अभिलेख तैयार किए गए थे.