मानसून के दाैरान फैलने वाली जलजनित और मच्छरजनित बीमारियाें की राेकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. प्रत्येक गांव में जलस्राेताें की नियमित जांच की जाएगी तथा क्लाेरीन के माध्यम से उनका कीटाणुशाेधन किया जाएगा. अधिकारियाें के अनुसार, डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियाें पर नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत मच्छराें के प्रजननस्थलाें काे नष्ट करना, लार्वा नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्राें में लक्षित छिड़काव, जैविक नियंत्रण उपाय और जनजागरण अभियान शामिल हाेंगे.महाराष्ट्र स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त निदेशक डाॅ. संदीप सांगले ने राज्यभर के अधिकारियाें काे परिपत्र जारी कर आवासीय संस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने तथा त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं.
इसके अलावा आश्रमशालाओं में स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण, रसाेई व्यवस्था और पेयजल सुरक्षा का परीक्षण करने के लिए विशेष दल भेजे जाएंगे.डाॅ. सांगले ने बताया कि वृद्धाश्रमाें, आश्रमशालाओं और अन्य आवासीय संस्थाओं में कीटविज्ञान संबंधी सर्वेक्षण किए जाएंगे तथा राेगाें के संभावित प्रकाेप काे राेकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. मच्छराें की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए समेकित कीट प्रबंधन पद्धति काे प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा. इसके अंतर्गत मच्छराें के पनपने वाले स्थानाें काे नष्ट किया जाएगा, कीटनाशकाें का छिड़काव किया जाएगा तथा गप्पी मछलियां छाेड़ी जाएंगी. साथ ही नागरिकाें काे मच्छरदानी और मच्छरराेधी क्रीम के उपयाेग तथा खिड़कियाें पर जाली लगाने के प्रति जागरूक किया जाएगा.
पुणे मनपा ने भी डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियाें पर नियंत्रण के लिए विशेष उपाय शुरू किए हैं. इनमें संवेदनशील क्षेत्राें की पहचान, कीटनाशक छिड़काव, आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण, मच्छर नियंत्रण उपायाें का क्रियान्वयन और जनजागरण अभियान शामिल हैं.पुणे मनपा के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. राजेश दिघे ने बताया कि आशा कार्यकर्ता इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. उन्हें संभावित राेग प्रकाेप की पहचान के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. वे बुखार से पीड़ित लाेगाें की खाेज के लिए विशेष अभियान चलाएंगी और किसी भी संदिग्ध राेगी काे तत्काल जांच और उपचार के लिए मनपा के अस्पतालाें में भेजा जाएगा.