सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से खुशी

शादी के सीजन मेें दुकानदारों को मांग बढ़ने की उम्मीद; कीमतें घटने से खरीदार बाजारों में लौट रहे

    15-Jun-2026
Total Views |

bfsc  
लक्ष्मी रोड, 14 जून (आ.प्र.)

 पिछले दो-तीन दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है. यह अचानक हुई गिरावट एक तरफ जहां आश्चर्य का, तो दूसरी तरफ खुशी का विषय बन गई है. महज चार महीने पहले करीब पौने दो लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंची सोने की कीमतें लगभग 15 प्रतिशत से तक कम हो गई हैं. इसके चलते ग्राहकों के चेहरों पर एक बार फिर खुशी का माहौल है. दुकानदारों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में शुरू होने वाले शादियों के सीजन की खरीदारी के लिए ग्राहक सर्राफा बाजार का रुख करेंगे. बता दें कि केंद्र सरकार ने 13 मई को सोने और चांदी पर आयात शुल्क (इम्पोर्ट ड्यूटी) को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया था. तब के बाद फिलहाल सोने और चांदी की कीमतों में यह सबसे बड़ी गिरावट है. शुक्रवार को पुणे सर्राफा बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव 1,47,800 रुपये, जबकि चांदी का भाव 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम था. ज्वेलर्स का कहना है कि अगर कीमतों में यह गिरावट जारी रही, तो उपभोक्ता शादी-ब्याह की खरीदारी के लिए धीरे-धीरे बाजार में लौटने लगेंगे. यह खरीदारी जून के दूसरे पखवाड़े से शुरू होकर मध्य अगस्त तक चलेगी. ऑगमोंट गोल्ड की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के अनुसार, इजराइल-ईरान के बीच युद्धविराम के साथ-साथ बढ़ती महंगाई और ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंकाओं के बीच, सोना और चांदी प्रमुख सपोर्ट लेवल के पास मजबूत हो रहे हैं. दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट ऐसे समय में आई है जब हिंदू कैलेंडर का एक शुभ महीना ‌‘अधिक मास‌’ समाप्त होने जा रहा है. 15 जून अधिक मास का आखिरी दिन है, जिसके बाद उपभोक्ता सोना खरीदना शुरू कर सकतें हैं. गौरतलब है कि शादियों का सीजन 16 जून से शुरू हो रहा है जो 15 अगस्त तक चलेगा. उम्मीद है कि आगामी त्यौहारी सीजन के लिए कई लोग सोने की बुकिंग करेंगे क्योंकि कीमतें अभी निचले स्तर पर हैं. व्यापारी बताते हैं कि 15 जून के बाद, शादी-ब्याह का सीजन फिर से शुरू होने के साथ ही टियर 2 और टियर 3 शहरों से मांग में मामूली सुधार होने की उम्मीद है. शादी से जुड़ी खरीदारी में सोने के प्रति गहरा सांस्कृतिक लगाव है. साथ ही हल्के वजन व किफायती आभूषणों के प्रति ग्राहकों की स्वीकार्यता बढ़ रही है, जिससे व्यापार बढ़ सकता है. युवा ग्राहकों में हल्के वजन और कम कैरेट वाले विकल्प लोकप्रिय वर्तमान समय में युवा उपभोक्ताओं में 18 और 14 कैरेट के आभूषण, विशेष रूप से जड़े हुए (स्टडेड) आभूषण, किफायती दाम, आधुनिक डिजाइन और दैनिक पहनने (डेली-वियर) के फैशन प्राथमिकताओं के कारण काफी लोकप्रिय है. सोने की बढ़ती कीमतें भी ग्राहकों को हल्के वजन और कम कैरेट वाले विकल्पों की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं.