उचित समय पर जीवनसाथी का चयन सुखी जीवन का मार्ग

सकल जैन समाज के वर-वधू परिचय मेला ‌‘परिचय से परिणय‌’ में बालासाहेब धोका ने कहा

    17-Jun-2026
Total Views |

bfscb


 पुणे, 16 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

जैन समाज के युवक-युवतियों को योग्य जीवनसाथी उपलब्ध कराने, वैवाहिक संवाद को प्रोत्साहन देने तथा परिवारों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित सकल जैन परिचय से परिणय वर-वधु परिचय मेला रविवार (14 जून) को आनंद दरबार, दत्तनगर में उत्साहपूर्ण वातावरण और व्यापक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर आनंद दरबार के अध्यक्ष बालासाहेब धोका ने कहा कि, उचित समय पर योग्य जीवनसाथी का चयन कर प्रेम, विश्वास और समझदारी के आधार पर गृहस्थ जीवन की नींव रखना ही सफल, सुखी और संतुलित जीवन का मार्ग है. उन्होंने कहा, करियर निर्माण के लिए अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और समर्पण आवश्यक है, किंतु उस सफलता का वास्तविक आनंद जीवनसाथी के सहयोग से ही पूर्ण होता है. वर-वधु परिचय मेले ‌‘परिचय से परिणय‌’ में महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों, अभिभावकों एवं समाज बंधुओं ने भाग लिया. उपस्थित प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने, एक-दूसरे को जानने तथा विवाह हेतु उपयुक्त जीवनसाथी के चयन पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्राप्त हुआ. इस आयोजन ने अनेक परिवारों को आपसी परिचय और संपर्क का प्रभावी मंच प्रदान किया. इस अवसर पर कार्यक्रम के प्रमुख मार्गदर्शक युवराज शाह ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए विवाह समारोहों में बढ़ती दिखावटी जीवनशैली, अनावश्यक खर्च और इवेंट मैनेजमेंट संस्कृति पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने युवाओं से जीवनसाथी का चयन करते समय केवल कुंडली मिलान तक सीमित न रहकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा आपसी समझ, विचारों की समानता और संस्कारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया.