सांस्कृतिक नीति तैयार करने के लिए बनेगी समिति

नाट्यगृहों के आधुनिकीकरण पर रहेगा जोर : स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले

    18-Jun-2026
Total Views |

fcb


शिवाजीनगर, 17 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 शहर की सांस्कृतिक नीति तैयार करने के लिए तत्काल समिति गठित करने के आदेश स्थायी समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले ने मंगलवार को समिति की बैठक में दिए. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देशानुसार पुणे शहर के लिए स्वतंत्र और सर्वसमावेशी सांस्कृतिक नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश प्रशासन को दिए गए हैं. इसके लिए सांस्कृतिक क्षेत्र के विशेषज्ञों, नाट्य संस्थाओं, कलाकारों, साहित्यकारों, इतिहास के अध्येताओं, लोककला प्रतिनिधियों, नगररचना विशेषज्ञों और मनपा प्रशासन को शामिल करते हुए 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी, यह जानकारी भिमाले ने दी. यह समिति निर्धारित समय-सीमा में सांस्कृतिक नीति का मसौदा तैयार कर स्थायी समिति और सामान्य सभा के समक्ष प्रस्तुत करेगी. शहर के नाट्यगृहों, कला दीर्घाओं, सांस्कृतिक विरासत स्थलों और नई सांस्कृतिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए दीर्घकालीन रूपरेखा तैयार की जाएगी. साथ ही सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए स्वतंत्र रखरखाव और विकास निधि स्थापित करने के संबंध में भी प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा. नई सांस्कृतिक नीति के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोककला महोत्सवों, युवा कलाकार प्रोत्साहन योजना, विरासत संरक्षण उपक्रमों तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग के माध्यम से सांस्कृतिक प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा. पुणे की सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए कलाकारों, आयोजकों और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को उत्तरदायित्व स्वीकार कर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसी भूमिका स्थायी समिति के अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले ने रखी.