बुधवार पेठ, 17 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) कै. श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूसेठ हलवाई दत्त मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर युवा उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता पुनीत बालन का चयन किया गया है. नए ट्रस्टी मंडल के चयन की भी घोषणा की गई है, जिसके तहत कार्यकारी ट्रस्टी के रूप में राजू बलकवडे, जबकि एड. विवेक भरगुडे और वर्षा थोरवे को उपाध्यक्ष पद पर चुना गया है. नयी कार्यकारिणी में सूरज थोरात को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नितिन पंडित को उत्सव प्रमुख और मनीषा खेड़ेकर को उप-उत्सव प्रमुख नियुक्त किया गया है. पराग कालकर और महेंद्रसेठ गाढवे का चयन ट्रस्टी के रूप में हुआ है. श्रद्धालुओं ने यह भावना व्यक्त की है कि नए ट्रस्टी मंडल के चयन से मंदिर की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक बल मिलेगा. बता दें कि कुछ लोगों ने इस ट्रस्ट की ट्रस्टी चयन प्रक्रिया में अनियमितता होने का आरोप लगाया था. हालांकि, इस मामले की जांच के बाद अदालत ने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में कोई अनियमितता नहीं हुई है. इसके बाद, चैरिटी कमिश्नर (धर्मादाय आयुक्त) के आदेशानुसार नए ट्रस्टी मंडल के चयन पर मुहर लगाई गई.
भक्तों की सेवा को दी जाएगी प्राथमिकता धर्मादाय आयुक्त द्वारा दिए गए निर्णय का मैं तहे दिल से स्वागत करता हूं. यह निर्णय ‘भगवान के दरबार में देर है, अंधेर नहीं’ की कहावत को सच साबित करने वाला है. दत्त मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में श्रद्धालुओं के लिए अधिक से अधिक समाजोपयोगी और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने पर हमारा मुख्य ध्यान रहेगा. भक्तों की सेवा को प्राथमिकता देने हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. - पुनीत बालन अध्यक्ष, कै. श्रीमती लक्ष्मीबाई दगडूसेठ हलवाई दत्तमंदिर ट्रस्ट