महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना की तरह ही सपा में भी टूट हाेने वाली है. यह दावा यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार काे किया. उन्हाेंने मीडिया से बातचीत में कहा- महाराष्ट्र की तरफ ध्यान मत रखिए, अब यूपी का नंबर है. राजभर ने कहा- सपा नेता रामगाेपाल यादव ने गृह मंत्री अमित शाह काे चिट्ठी दे दी है. धीरे से उनसे कह दिया है कि इतने लाेगाें के नाम हैं. इन्हें बुलाकर अपने पास ले लीजिए. हमारी जान बचाए रखिए. अगर ऐसा नहीं है, ताे रामगाेपाल जी खुलासा करें कि उस चिट्ठी में क्या लिखा है. उन्हें क्या तकलीफ है. राजभर के बयान पर सपा ने पलटवार किया है. सपा प्रवक्ता सुनील सिंह ने कहा- भाजपा और उनके सहयाेगी बाैखलाए हैं. राजभर की बकवास करने की आदत है. उन्हें इलाज कराना चाहिए. वहीं, अखिलेश यादव ने प्रेस काॅन्फ्रेंस में चुटकी लेते हुए कहा- ‘दाना और गाना कब तक चलेगा’ राजभर ने कहा- खनन प्रकरण में सीबीआई ने अखिलेश यादव का भी नाम रखा है. वह अभी बाहर हैं, उसी मामले में पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति जेल में हैं.