परम योगशाला फाउंडेशन एवं इंडियन योगिनी एसोसिएशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विविध आयोजन

    18-Jun-2026
Total Views |
bfgg

 पुणे/चाकण, 17 जून (आ.प्र.)

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में परम योगशाला फाउंडेशन एवं इंडियन योगिनी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 10 जून को श्री स्वामी समर्थ इंग्लिश मीडियम स्कूल, चाकण में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में लगभग 120 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की. कार्यक्रम में इंडियन योगिनी एसोसिएशन की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आर. एच. लता, हिरामण भुजबल, परम योगशाला फाउंडेशन की संचालिका सौ. रश्मि घाटगे, वरिष्ठ योग शिक्षिका अभिलाषा अग्रवाल एवं प्रियंका गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा योगासन, प्राणायाम एवं लयबद्ध योग की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं. अतिथियों ने बच्चों को योग को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. इसी श्रृंखला में परम योगशाला फाउंडेशन द्वारा अपने केंद्र पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का एक विशेष आयोजन योग निद्रा सत्र के रूप में किया गया. इस कार्यक्रम में लगभग 35 साधकों एवं योग प्रेमियों ने भाग लिया. योग निद्रा के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक शांति, तनाव मुक्ति एवं आत्मिक संतुलन का अनुभव कराया गया. इस अभिनव आयोजन को सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत सराहा. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परम योगशाला फाउंडेशन एवं इंडियन योगिनी एसोसिएशन द्वारा आगामी दिनों में महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में भी व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. 20 जून को नागपुर स्थित श्री श्रद्धानंद अनाथालय, श्रद्धानंद पेठ, साउथ अंबाझरी रोड में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम के समन्वयन की जिम्मेदारी श्रीमती मधुरीराजे भोसले निभा रही हैं. इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक योग के लाभ पहुंचाना है. इसी प्रकार सातारा जिले के देगाव स्थित धर्मवीर संभाजी कनिष्ठ महाविद्यालय में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसका समन्वयन श्रीमती कविता पवार द्वारा किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में लगभग 100 से अधिक प्रतिभागियों के सम्मिलित होने की संभावना है. इसके अतिरिक्त पुणे के न्यू सांगवी स्थित न्यू मिलेनियम इंग्लिश मीडियम स्कूल में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 500 विद्यार्थियों के सहभाग होने की संभावना है. यह कार्यक्रम बच्चों में योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. परम योगशाला फाउंडेशन एवं इंडियन योगिनी एसोसिएशन पिछले कई वर्षों से योग, प्राणायाम, ध्यान एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यरत हैं. संस्था का उद्देश्य योग को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाकर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है. संस्था ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ, जागरूक एवं संतुलित समाज के निर्माण में योगदान दें.