डेक्कन क्वीन का गाैरवशाली 97वें वर्ष में प्रवेश

    02-Jun-2026
Total Views |

BFSB
पुणे, 1 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

मध्य रेल की सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय ट्रेनों में से एक डेक्कन क्वीन ने 1 जून को अपनी सेवा के गौरवशाली 97वें वर्ष में प्रवेश किया. इस अवसर पर इस ट्रेन ने अपने सम्मानित यात्रियों की सेवा के 96 वर्ष पूर्ण किए. 1 जून 1930 को महाराष्ट्र के दो प्रमुख शहरों मुंबई और पुणे के बीच शुरू की गई यह ट्रेन ग्रेट इंडियन पेनिनसुला रेलवे, जो आगे चलकर मध्य रेल बनी, के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर थी. यह रेलवे द्वारा शुरू की गई पहली डीलक्स ट्रेन थी, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ना था. इसी कारण इसका नाम डेक्कन क्वीन अथवा दक्कन की रानी रखा गया. डेक्कन क्वीन की वर्षगांठ का उत्सव पुणे स्टेशन पर 1 जून (सोमवार) को और मुंबई में उत्साह के साथ मनाया गया. आकर्षक पुष्प सज्जा से सुसज्जित ट्रेन में यात्रियों, रेल अधिकारियों तथा रेल प्रेमियों की उपस्थिति में केक काटकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मनाया गया. शुभम नागपूरे, अनुष जाधव, अंश पगारे, उत्कृर्ष नेमाडे और पद्मनाभ दशरथ आदि ने ट्रेन की सजावट का काम किया. इस वर्ष डेक्कन क्वीन में यात्री सुविधाओं के उन्नयन हेतु व्यापक नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्य किए गए. भोजनयान (डाइनिंग कार) का नवीनीकरण, आधुनिक फर्नीचर, शौचालयों का उन्नयन, कोचों के आंतरिक भागों, छत तथा पैनल बोर्डों को आकर्षक डिजाइन किया गया है. यह जानकारी मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला द्वारा दी गई है.