दगडूसेठ गणपति मंदिर में शेषनाग की पुष्प सज्जा
शेषात्मज गणेश जयंती के अवसर पर किया विशेष कार्यक्रम का आयोजन
20-Jun-2026
Total Views |
बुधवार पेठ, 19 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शेषनाग की प्रतिकृतियों से मंदिर में की गई आकर्षक सजावट और गर्भगृह में रंग-बिरंगे फूलों से बनी शेषनाग की कलाकृति के बीच विराजमान प्यारे गणराया की चांदी की मूर्ति के अलौकिक रूप के दर्शन के लिए भक्तों ने सुबह से ही भारी भीड़ लगाई. शेषात्मज गणेश जयंती के उपलक्ष्य में गुरुवार (18 जून) को श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर में ‘स्वराभिषेक’ (भजन-संगीत सेवा) का भी आयोजन किया गया. यह सजावट श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से की गई थी. ऐसी मान्यता है कि इसी दिन श्री गणेश का पाताल में शेषात्मज गणेश अवतार हुआ था.शेषात्मज गणेश जयंती के अवसर पर मंदिर में ब्रह्मवृंदों (पुरोहितों) की उपस्थिति में तड़के 3 बजे ब्रह्मणस्पति सूक्त अभिषेक संपन्न हुआ. इसके बाद तड़के 4 बजे विदुषी शैला दातार ने स्वराभिषेक के माध्यम से गणेश जी के चरणों में अपनी स्वर-सेवा अर्पित की. साथ ही मंदिर में अभिषेक और गणेश याग भी संपन्न हुआ. ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने ने कहा, गाणपत्य संप्रदाय में भाद्रपद और माघ मास की तरह ही ज्येष्ठ चतुर्थी का श्रीशेषात्मज जन्मोत्सव अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है. जब श्रीशेष ध्यान कर रहे थे, तब उनके ध्यान से ही भगवान श्री गणेश श्री शेषात्मज के रूप में ज्येष्ठ शुद्ध चतुर्थी को मध्याह्न (दोपहर) के समय प्रकट हुए थे.