500 बच्चाें के साथ मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

विद लव एनजीओ और एपिफनी स्कूल की वंचित समुदायों के बच्चों के लिए अनूठी पहल

    20-Jun-2026
Total Views |
 
daVD
पुणे, 19 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पुणे स्थित विद लव एनजीओ और एपिफनी स्कूल की ओर से शुक्रवार, 19 जून को वंचित समुदायों के 500 बच्चों के लिए एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया. स्वास्थ्य, समावेशिता और सकारात्मक जीवन मूल्यों को समर्पित इस कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया. "500 CHILDERN. ONE BREATH. ONE FUTURE' थीम के साथ आयोजित इस पहल का उद्दश्य यह संदेश देना था कि स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और उम्मीद हर बच्चे का अधिकार है, चाहे उसकी परिस्थितियां कैसी भी क्यों न हो. विशेष बात यह रही कि योग मैट्स की अनुपलब्धता के बावजूद बच्चों ने चादरों और तौलियों को बिछाकर योगाभ्यास किया. इस पहल ने यह संदेश दिया कि योग किसी संसाधन का नहीं, बल्कि निष्ठा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विषय है. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया. इसके साथ ही उन्होंने बजाज प्लैंकथॉन से प्रेरित 100 सेकंड प्लैंक चुनौती में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया. विद लव एनजीओ की संस्थापक डिंपल सोमजी ने कहा, आज का दिन केवल योग का नहीं, बल्कि अपनत्व और सहभागिता का उत्सव था. 500 बच्चों को एक साथ योग करते, मुस्कुराते और एक- दूसरे से जुड़ते देखना इस बात का प्रमाण है कि हर बच्चे को ऐसे अवसर मिलने चाहिए, जो उसके शारीरिक, भावनात्मक और मानसिक विकास को पोषित करें. एपिफनी स्कूल की प्राचार्या संगीता कदम ने कहा, ऐसे आयोजन सिर्फ फिटनेस तक सीमित नहीं होते, बल्कि बच्चों के लिए यादगार अनुभव होते हैं, स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देते हैं और उन्हें सम्मानित महसूस कराते हैं. इस अवसर पर आयोजकों ने उन बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया, जो अत्यंत चुनौतीपूर्ण सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों वाले परिवारों से आते हैं. इनमें से कई बच्चे गरीबी, नशे की समस्या, अपराध और अन्य कठिन परिस्थितियों से प्रभावित परिवारों से जुड़े हैं, जबकि कई बच्चों का पालन-पोषण एकल अभिभावकों द्वारा दैनिक मजदूरी कर किया जा रहा है. आयोजकों ने नागरिकों, परिवारों, संस्थाओं और कॉर्पोरेट संगठनों से इन बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल फीस, यूनिफॉर्म, नोटबुक, जूते और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की. कार्यक्रम का समापन बच्चों को पुस्तकें और खेल सामग्री वितरित करने तथा प्रत्येक बच्चे को सीखने, बढ़ने और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.  
 
विद लव एनजीओ : बच्चों के सार्थक विकास हेतु कार्यरत

विद लव एनजीओ पुणे स्थित एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वयंसेवा और दयालुता के माध्यम से बच्चों और समुदायों के लिए सार्थक अवसरों के निर्माण हेतु कार्यरत है. - डिंपल सोमजी, संस्थापक, विद लव एनजीओ मोबाइल नं : 9823374371