पुणे, 23 जून (आ.प्र.) श्री सादड़ी (रणकपुर) जैन संघ, पुणे द्वारा आयोजित 38वें स्नेह सम्मेलन के अंतर्गत प्रस्तुत विविध गुणदर्शन 2026 इस वर्ष अभूतपूर्व सफलता के साथ रविवार (21 जून) को संपन्न हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र एवं श्रद्धांजलि से हुआ, जिसके पश्चात बाल कलाकारों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तत किया गया. इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष रमेश पोरवाल, उपाध्यक्ष अशोक नाहर, सचिव किशोर पुनमिया एवं कोषाध्यक्ष अनिल रांका, संयुक्त सचिव केतन मेहता सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे. इस अवसर पर समाज के मुख्य अतिथि रमेश फतेहचंद रांका तथा विशिष्ट अतिथि प्रकाश धोका का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया. दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रभु वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई. संघ के सचिव किशोर पुनमिया ने अपने सचिवीय प्रतिवेदन में वर्षभर की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी. संघ के अध्यक्ष रमेश पोरवाल ने अपने संबोधन में समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार एवं युवा सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला. मुख्य अतिथि रमेश रांका एवं विशिष्ट अतिथि प्रकाश धोका ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए समाज के सर्वांगीण विकास हेतु मिलकर कार्य करने का संदेश दिया. सम्मेलन में समाज के विद्यार्थियों एवं प्रतिभावान सदस्यों का विशेष सम्मान किया गया. दसवीं एवं बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने वाले युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले समाजजनों को पदक एवं सम्मान प्रदान किए गए. कार्यक्रम के दौरान समाज के दानदाताओं, प्रायोजकों, कोहिनूर एवं प्लेटिनम डोनर्स का भी सम्मान किया गया. कार्यक्रम का सफल संचालन दिलीप जैन द्वारा किया गया तथा अंत में संयुक्त सचिव केतन मेहता ने सभी अतिथियों, दानदाताओं, कार्यकारिणी सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया.