पुणे, 24 जून (आ.प्र.) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एमपीएफ प्रेशियस डायमंड द्वारा एक विशेष ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लेकर योग, ध्यान एवं मानसिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के विचारों का लाभ प्राप्त किया. कार्यक्रम में पुष्पा मंत्री ने मानव शरीर के सात चक्रों के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए उनके आध्यात्मिक एवं मानसिक महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि चक्रों का संतुलन व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मवेिशास एवं मानसिक शांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. कार्यक्रम के दौरान अमित कलंत्री ने माइंड पावर, मेडिटेशन एवं माइंड रीडिंग से संबंधित रोचक एवं अद्भुत प्रयोग प्रस्तुत किए. उनके द्वारा प्रदर्शित कुछ प्रयोग इतने आश्चर्यजनक थे कि उपस्थित सदस्य उन्हें देखकर अचंभित रह गए. उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति को सभी ने खड़े होकर जोरदार तालियों के साथ सराहा. कार्यक्रम के सफल आयोजन में डायरेक्टर सीमा जी बंग, चेयरपर्सन मंगल कासट, प्रेसिडेंट प्रदीप आसावा, सेक्रेटरी जयकुमार काबरा, ट्रेजरर राजेंद्र सिकची, इलेक्ट प्रेसिडेंट सुधीर नागोरी तथा कमेटी सदस्या मंगल लाहोटी, स्मिता सोनी, प्रिया राठी, जयश्री भुतड़ा, सरिता नागोरी, रेखा भक्कड़ एवं अलका लाखोटिया ने विशेष परिश्रम किया. उपस्थित सदस्यों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक बताया. मंगला कासट ने आभार व्यक्त किया.
मानसिक तनाव को कम करता है नियमित ध्यान करना कार्यक्रम के अंतिम सत्र में श्रेया तपड़िया ने मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित ध्यान मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने उपस्थित सदस्यों को ध्यान की विभिन्न विधियों की जानकारी भी प्रदान की. इस अवसर पर योग दिवस की थीम को आकर्षक बनाने हेतु शांता टावरी, निशा मुंदड़ा एवं सरिता नागोरी द्वारा सुंदर रंगोली बनाई गई, जिसकी सभी सदस्यों ने सराहना की तथा उसके साथ फोटो खिंचवाकर उत्साह व्यक्त किया.