27 जुलाई को मनमाड से रवाना होगी दिव्य दक्षिण यात्रा ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’
25-Jun-2026
Total Views |
मुंबई, 24 जून (वि.प्र.)भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए विशेष दिव्य दक्षिण यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाने की घोषणा की है. यह विशेष ट्रेन 27 जुलाई 2026 को मनमाड से रवाना होगी. यह आध्यात्मिक यात्रा 10 रात और 11 दिनों की होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को हम्पी, मैसूर, कोयंबटूर, तिरुवन्नामलाई, वेल्लोर, तिरुपति और मल्लिकार्जुन जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. लगभग 750 यात्रियों की क्षमता वाली इस ट्रेन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महाराष्ट्र के मनमाड, नासिक, इगतपुरी, कल्याण, पुणे और मिरज स्टेशनों पर चढ़ने और उतरने की सुविधा दी गई है. आईआरसीटीसी पश्चिम क्षेत्र (मुंबई) के समूह महाप्रबंधक गौरव झा ने बताया कि यह एक सर्वसमावेशी (ऑल- इंक्लूसिव) पैकेज है. इसमें यात्रियों को रेल यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा और अनुभवी टूर मैनेजरों की सेवाएं दी जाएंगी. यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का भी इसमें विशेष ध्यान रखा गया है. श्रेणीवार पैकेज शुल्क (प्रति व्यक्ति): इकोनॉमी स्लीपर (एसएल): 19,770, स्टैंडर्ड 3ऐसी : 33,370, कम्फर्ट 2ऐसी: 33,370 की जगह 44,250 निर्धारित है. थीम आधारित रेल पर्यटन और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की इस कड़ी में बुकिंग आईआरसीटीसी के आधिकारिक पर्यटन प्लेटफॉर्म पर शुरू हो चुकी है.