युवाओं के विकास और रोजगार के लिए सरकार प्रतिबद्ध

सारथी के कार्यक्रम में णझडउ, चझडउ में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित करते हुए सीएम फडणवीस का आश्वासन

    27-Jun-2026
Total Views |

vDSAVBF
पुणे, 26 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

मराठा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए शिक्षा, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण, उद्यमिता तथा आधुनिक तकनीक आधारित अवसर उपलब्ध कराने की नीति राज्य सरकार ने अपनाई है. इस उद्देश्य से स्थापित छत्रपति शाहू महाराज अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं मानव विकास संस्था (सारथी) के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य हुआ है. यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही. सारथी, पुणे की ओर से गणेश कला क्रीड़ा मंच में शुक्रवार को आयोजित संघ लोक सेवा आयोग, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के सम्मान समारोह में फडणवीस बोल रहे थे. इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, अण्णासाहेब पाटिल आर्थिक पिछड़ा विकास महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटिल, महापौर मंजुषा नागपुरे, शिक्षा आयुक्त सचिंद्र प्रतापसिंह, नियोजन विभाग की सचिव शैला ए., विभागीय आयुक्त शीतल तेली उगले, सारथी के अध्यक्ष अजित निंबालकर तथा प्रबंध निदेशक महेश पाटिल उपस्थित थे. मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सारथी के माध्यम से अब तक संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 140, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 1,124 तथा बैंकिंग क्षेत्र में 500 से अधिक युवक- युवतियों ने सफलता प्राप्त की है. विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 13 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार योग्य बनाया गया है. वहीं दो लाख से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न प्रशिक्षणों का लाभ मिला है. उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने वाले मराठा समाज के विद्यार्थियों को शैक्षणिक शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया गया है. बड़े शहरों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो, इसके लिए छात्रावास तथा भाऊसाहेब पंजाबराव देशमुख निर्वाह भत्ता योजना शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को 60 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है. उद्यमिता विकास के लिए अण्णासाहेब पाटिल आर्थिक विकास महामंडल को सक्रिय बनाया गया है तथा ब्याज में रियायत की सुविधा शुरू की गई है. इसके माध्यम से अब तक लगभग पौने दो लाख उद्यमी तैयार हुए हैं और साढ़े सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है. इसके लिए राज्य सरकार प्रतिवर्ष 1,500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराती है. उन्होंने कहा कि नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, अमरावती, नागपुर, लातूर और कोल्हापुर में सारथी के विभागीय केंद्र, छात्रावास और प्रशिक्षण सुविधाओं का निर्माण कार्य जारी है तथा अगले एक वर्ष में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा.  
 
सारथी युवाओं के सशक्तिकरण का प्रभावी आंदोलन

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि सारथी केवल सरकारी योजनाओं को लागू करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, शैक्षणिक प्रगति और युवा सशक्तिकरण का एक प्रभावी आंदोलन है. राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज की जयंती पर मनाए जा रहे सामाजिक न्याय दिवस की पृष्ठभूमि में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता का उत्सव नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का भी उत्सव है. उन्होंने कहा कि सारथी संस्था की स्थापना और उसे सशक्त बनाने में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विशेष योगदान रहा है. कार्यक्रम की प्रस्तावना अजित निंबालकर ने प्रस्तुत की. इस अवसर पर सारथी के माध्यम से सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के हाथों सम्मान किया गया.