
मणिपुर में सुरक्षा बलाें ने पिछले दाे दिनाें में इंफाल पश्चिमी, इंफाल पूर्वी, थाैबल और काकचिंग जिलाें में अलग-अलग अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और गाेला-बारूद बरामद कर चार संदिग्ध उग्रवादियाें काे गिरफ्तार किया. सुरक्षा बलाें ने एक बड़े ऑपरेशन में इंफाल पश्चिमी जिले से हथियाराें का जखीरा बरामद किया. बरामद सामान में तीन एके राइफल, एक 9 एमएम पिस्ताैल, चार मैगज़ीन, अलग-अलग कैलिबर के 37 कारतूस और दाे बाओफेंग रेडियाे वायरलेस हैंडसेट शामिल थे. ज़ब्त किए गए हथियाराें और संचार उपकरणाें काे आगे की जांच के लिए अपने कब्ज़े में ले लिया गया है. गत 24 जून काे चलाए गए एक अन्य ऑपरेशन में, सुरक्षा बलाें ने थाैबल जिले के नाेंगपाेक सेकमाई पुलिस थाना के तहत याइरीपाेक काकमाई लमखाई से एक संदिग्ध उग्रवादी काे गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक .32 पिस्ताैल और तीन कारतूस भरी मैगज़ीन बरामद की गई. उसी दिन, सुरक्षा बलाें ने इम्फाल पूर्वी जिले के पाेराेमपट पुलिस थाना के तहत शागाेलसेम पुखरी के पास से एक और संदिग्ध उग्रवादी काे गिरफ्तार किया. थाैबल जिले के खाेंगजाेम पुलिस थाना के तहत कल एक अलग ऑपरेशन में वांगजिंग सबल लीकाई से एक और संदिग्ध उग्रवादी काे पकड़ा गया.