मुंबई, 26 जून (वि.प्र.) पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक 25 जून, 2026 को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई्. इस अवसर पर पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय की ई-पत्रिका ई-राजहंस के 63वें अंक का विमोचन महाप्रबंधक महोदय के कर-कमलों से किया गया. इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कवि नागार्जुन जी की जयंती भी मनाई गई. उनके जीवन के संक्षिप्त परिचय से सदस्यों को अवगत कराया गया और उनकी एक प्रसिद्ध कविता नए गगन में नया सूर्य जो चमक रहा है का गायन द्वारा प्रस्तुतिकरण भी किया गया. राजभाषा बैठक की अध्यक्षता करते हुए पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पाण्डेय ने कहा कि राजभाषा हिंदी भारत की अस्मिता है. जो भी नागरिक अपनी राष्ट्रीयता को संकीर्णता से देखेगा उसे देश में अनेक भिन्नताएं दिखेंगी, लेकिन जो भिन्नताओं में एकता और अखंडता के सूत्र ढूंढेगा उसे सारा भारत बहुरंगी गुलदस्ता दिखेगा. भारत सरकार के कार्यालयों में हिंदी अनुवाद और मौलिक अनुप्रयोगों के माध्यम से आगे बढ़ रही है और साहित्य, हिंदी फिल्म, ओ.टी. टी. में तो दुनिया के कोने-कोने तक अपनी पहुंच बना ली है. बैठक के प्रारंभ में पश्चिम रेलवे के मुख्य राजभाषा अधिकारी विनीत गुप्ता ने समिति के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक सहित सभी उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया. उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के वर्तमान दौर में विभागीय वेबसाइटों के नियमित अद्यतन तथा उन पर सामग्री के द्विभाषी (हिंदी एवं अंग्रेजी) रूप में उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया. बैठक में अधिकारियों के लिए एक राजभाषा प्रश्न-मंच का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया. पश्चिम रेलवे में जनवरी से मार्च-2026 के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन में हुई प्रगति संबंधी आंकड़े समिति की सदस्य सचिव सुनीता अहिरे द्वारा प्रस्तुत किए गए्. पश्चिम रेलवे क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की इस बैठक में पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं सभी कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधक आदि अधिकारी उपस्थित थे. बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.