पारिवारिक जमीनी विवाद के चलते एक चचेरे पाेते ने अपने 4 साथियाें के साथ मिलकर अपने ही दादा के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और घर के बाहर खड़े वाहनाें में जमकर ताेड़फाेड़ की. इस हमले के कारण कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहाैल बन गया था. यह वारदात 26 जून काे खेड़ तहसील के माेई गांव में घटित हुई. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आराेपी आशीष गवारी (उम्र-21 वर्ष, निवासी चिंचवड़) और उसके 4 अज्ञात साथियाें काे गिरफ्तार कर लिया है. इस संदर्भ में पीड़ित बुजुर्ग सुरेश विष्णु गवारी (उम्र-60 वर्ष, निवासी माेई, ता. खेड़) ने म्हालुंगे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आराेपियाें ने पहले शिकायतकर्ता के घर के सामने खड़ी दाे काराें पर पथराव कर उनके शीशे ताेड़ दिए. इसके बाद, जान से मारने की नीयत से पिस्ताैल से फायरिंग की और हवा में हथियार लहराकर इलाके में खाैफ पैदा कर दिया.म्हालुंगे एमआईडीसी पुलिस इस मामले की आगे की बारीकी से जांच कर रही है.