‌‘जस्टिस फॉर केतन अग्रवाल‌’ के नारों से गूंजा गहुंजे; निकाला कैंडल मार्च

लोढा बेलमोंडो सोसायटी के सैकड़ों निवासी न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे

    28-Jun-2026
Total Views |
 
bfbf
गहुंजे, 27 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

मावल तहसील के लोनावला के पास ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर केतन अग्रवाल को धक्का देकर मौत के घाट उतारे जाने की खौफनाक वारदात के विरोध में गहुंजे में नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा. शनिवार शाम को गहुंजे स्थित लोढा बेलमोंडो सोसायटी के निवासियों ने एकजुट होकर एक विशाल और शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की. शाम करीब 7 बजे आयोजित इस कैंडल मार्च में सोसायटी के सैकड़ों पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए. मार्च में शामिल नागरिकों के हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां और ‌‘जस्टिस फॉर केतन अग्रवाल‌’, ‌‘अन्याय के खिलाफ ठोस कदम‌’ तथा ‌‘न्याय के लिए लड़ाई‌’ जैसे कड़े संदेशों की तख्तियां और बैनर थे. पूरा माहौल गमगीन होने के साथ-साथ इस क्रूर हत्याकांड के खिलाफ आक्रोश से भरा नजर आया. मूक कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शन में शामिल नागरिकों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि केतन अग्रवाल की मौत का यह मामला बेहद संवेदनशील है. पुलिस प्रशासन द्वारा इसकी पूरी तरह निष्पक्ष और गहराई से जांच होनी चाहिए. नागरिकों ने मांग की है कि इस साजिश में जो भी दोषी शामिल हैं, उन्हें कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. शांतिपूर्ण, संयमित और संगठित तरीके से निकाले गए इस मूक मोर्चे के जरिए सोसायटी के निवासियों ने देश की न्याय व्यवस्था पर अपना भरोसा जताते हुए प्रशासन से इस मामले में त्वरित व ठोस कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है.