जीवन का असली सुख शांति और स्वास्थ्य में छिपा हुआ है, इन्हीं विचारों के साथ ‘उंचाई’ नामक संस्था अग्रवाल समाज के विभिन्न घटकों को एक साथ लाकर कार्यरत है. योग, ध्यान, एडवेंचर स्पोर्ट्स और विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों समेत उंचाई की एक विशेष पहल मन की बात भी है, जिसमें प्रत्येक रविवार को लोकप्रिय दै. आज का आनंद में क्लब के सदस्य अपने विचार, अनुभव, भावनाएं और जीवन के महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हैं. स्वास्थ्य का अर्थ केवल रोगों का अभाव नहीं है, बल्कि यह पूर्ण शारीरिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण की स्थिति है. एक स्वस्थ शरीर ही हमें अपने दैनिक कार्यों को सही ढंग से करने की शक्ति देता है. आज तकनीक और सुविधाओं के कारण हमारा जीवन अधिक आरामदायक तो हो गया है, लेकिन यह आराम धीरे- धीरे हमारे स्वास्थ्य के लिए चुनौती बनता जा रहा है. ऐसे में यह आवश्यक हो जाता है कि हम अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और संतुलित जीवनशैली अपनाएं. शारीरिक स्वास्थ्य हमारे जीवन की नींव है. वर्तमान समय में छोटे-छोटे बदलाव जैसे कि लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का उपयोग, वाहन के बजाय थोड़ी दूरी पैदल चलना, मोबाइल और स्क्रीन का सीमित उपयोग, भोजन तथा दिनचर्या में अनुशासन बनाए रखना, जरुरी बन गए हैं. इसके साथ ही ध्यान (मेडिटेशन), प्राणायाम और योग मानसिक शांति प्रदान करते हैं और तनाव को कम करने में सहायक होते हैं. उंचाई द्वारा की जानेवाली पहल लोगों को नियमित व्यायाम, वॉकिंग, योग और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ मानसिक संतुलन और तनावमुक्त जीवन के लिए भी प्रेरित करती है. सामूहिक गतिविधियों, जैसे वॉकिंग ग्रुप, हेल्थ चेक-अप और फिटनेस चैलेंज के माध्यम से यह लोगों को एक-दूसरे से जोड़ते हुए स्वास्थ्य को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का प्रयास करती है.
स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे
यदि हम स्वस्थ हैं, तो हम अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए अधिक प्रभावी ढंग से योगदान दे सकते हैं. हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने जीवन में स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और एक सकारात्मक, संतुलित और स्वस्जवनशैली अपनाएंगे. - डॉ. विष्णू अग्रवाल, उंचाई बोर्ड मेंबर