एफआईएच प्राे लीग 2025-26 सीजन के अपने दूसरे आखिरी मैच में भारतीय हाॅकी टीम ने पाकिस्तान काे 7-1 से करारी शिकस्त दी. लंदन के ली वैली हाॅकी एंड टेनिस सेंटर में शुक्रवार काे खेले गये मुकाबले में हाॅकी रैंकिंग में आठवें स्थान पर माैजूद भारत के सात खिलाड़ियाें, सुखजीत सिंह (20वें मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (26वें मिनट), हार्दिक सिंह (34वें मिनट), जुगराज सिंह (35वें मिनट), अभिषेक (41वें मिनट), राजकुमार पाल (44वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (54वें मिनट) के गाेल की बदाैलत शानदार जीत हासिल की.दुनिया की 12वें नंबर की टीम पाकिस्तान ने कप्तान अबू बकर महमूद (13वें मिनट) के गाेल से बढ़त बनाई थी.इस जीत के साथ भारत 15 मैचाें में 17 अंकाें के साथ एफआईएच हाॅकी प्राे लीग स्टैंडिंग में सातवें स्थान पर पहुंच गया है.
इतने ही मैचाें के बाद पाकिस्तान का खाता अभी तक नहीं खुला है और वह सबसे आखिरी स्थान पर है, जिससे अगले सीज़न में उसका एफआईएच नेशंस कप में डिमाेशन तय है.भारत ने खेल की अच्छी शुरुआत की और शुरुआती दाैर में तीन पेनल्टी काॅर्नर हासिल किए, लेकिन उनका पूरा फायदा नहीं उठा सका. पाकिस्तान ने खेल के प्रवाह के विपरीत बढ़त बनाई, जब अबू बकर महमूद ने पहले क्वार्टर के अंत में अपनी टीम के पहले पेनल्टी काॅर्नर काे गाेल में बदला. कुछ मिनट बाद भारतीय हाॅकी टीम ने बराबरी कर ली, जब सुखजीत सिंहने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पेनल्टी काॅर्नर काे कुशलतापूर्वक गाेल में बदल दिया. थाेड़ी देर बाद भारतीय कप्तान ने एक और पेनल्टी काॅर्नर काे सीधे निचले काेने में मारकर हाफ-टाइम ब्रेक से पहले स्काेर 2-1 कर दिया.
खेल फिर से शुरू हाेने के कुछ ही देर बाद हार्दिक सिंह ने भारत की बढ़त काे और बढ़ा दिया. उन्हाेंने पेनल्टी स्ट्राेक काे आसानी से गाेल में बदला; यह स्ट्राेक तब मिला था जब संजय का शाॅट एक पाकिस्तानी डिफेंडर से टकराकर डेंजर ज़ाेन के अंदर गया था. इस गाेल के बाद गाेलाें की झड़ी लग गई. जश्न अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि जुगराज सिंह ने स्काेर 4-1 कर दिया. यह गाेल दूसरी तरफ पाकिस्तान के पेनल्टी काॅर्नर काे नाकाम करने के बाद बहुत तेज़ी से किए गए जवाबी हमले (काउंटर-अटैक) से हुआ.