व्यापार में सेवा भावना बनाए रखना आवश्यक

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. माशेलकर ने व्यापारी एकता दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह में कहा

    03-Jun-2026
Total Views |

bfb


 नवी पेठ, 2 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
स्टेशनरी, कटलरी एंड जनरल मर्चेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित वार्षिक पुरस्कार समारोह कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक पद्मविभूषण डॉ. रघुनाथ माशेलकर ने कहा कि, व्यापार करते समय केवल मुनाफे पर ध्यान केंद्रित न करके समाज के प्रति सेवा भावना बनाए रखना आवश्यक है. हर किसी को भारतीय संस्कृति पर गर्व होना चाहिए. गुणवत्ता, ईमानदारी और निष्ठा के बल पर व्यापार में सफलता मिलती है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों को समाज के लिए योगदान देने की भावना को संजोना चाहिए. व्यापारी एकता दिवस के अवसर पर एस.एम. जोशी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ बैंकिंग विशेषज्ञ विद्याधर अनास्कर, एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय राठी, उपाध्यक्ष नितिन पंडित, सचिव किशोर चांडक, कोषाध्यक्ष सुनील शिंगवी सहित सूर्यकांत पाठक, अरविंद पटवर्धन, मदनसिंह राजपूत, राजेश गांधी, सुरेश नेरगांवकर, सचिन जोशी, मोहन साखरिया, किशोर पिरगल, अनिल प्रभुणे, मनीष परदेशी, किरण चौहान, अविनाश मुजुमदार, धनंजय रामलिंगे, सागर काकडे, सुमित कुडचे आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. विद्याधर अनास्कर ने अपने संबोधन में व्यापारियों से समाज-उन्मुख दृष्टिकोण रखने का आह्वान किया. दिलीप कुंभोजकर ने कहा कि व्यापार करते समय अध्ययनशील प्रवृत्ति बनाए रखना बेहद जरूरी है. कुंभोजकर ने उल्लेख किया कि पैसे से बढ़कर दिल के रिश्ते जोड़ने वाला व्यापारी ही सही मायनों में समृद्ध साबित होता है. ग्राहक-केंद्रित व्यवसाय का दृष्टिकोण रखने वाले श्याम अग्रवाल का सम्मान 1980 में सिर्फ 26 वर्ष की आयु में श्याम अग्रवाल ने ‌‘जयश्री डिपार्टमेंटल स्टोर्स‌’ नामक दुकान की शुरुआत की, जिससे कोथरुडवासियों को बड़ी राहत मिली. उत्कृष्ट, उच्च गुणवत्ता और प्रामाणिक किराणा एवं अनाज देने की उनकी परंपरा पिछले चालीस वर्षों से लगातार जारी है. इस सफर को एक नया ‌‘टर्निंग पॉइंट‌’ 1995 में मिला, जब श्याम अग्रवाल ने कोथरुड इलाके में पहला भव्य ‌‘कोहिनूर बासमती चावल महोत्सव‌’ शुरू किया. इसके बाद गेहूं, दालें, ड्राईफ्रूट्स आदि के महोत्सव भी होने लगे और उन्हें ग्राहकों की ओर से भरपूर उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली. श्यामजी ने हमेशा ही ग्राहक-केंद्रित व्यवसाय करने का दृष्टिकोण रखा है. कोथरुड के साथ-साथ लॉ कॉलेज रोड पर ‌‘जयश्री एक्सक्लूसिव‌’ के नाम से एक विशाल किराना मॉल शुरू किया है. कोथरुड की दुकान की जिम्मेदारी बड़े बेटे भूषण और लॉ कॉलेज रोड वाले मॉल की जिम्मेदारी छोटे बेटे आकाश ने संभाली है. इसके अलावा, त्यौहारों के समय जब दुकान में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ होती है, तब श्यामजी की पत्नी उषा अग्रवाल, बड़ी बहू रेखा और छोटी बहू श्वेता भी दुकान में ग्राहकों की सेवा के लिए तत्पर रहती हैं. श्यामजी क्षेत्र के विभिन्न संगठनों से जुड़े हुए हैं. पंढरपुर के लिए निकले वारकरियों की सेवा, हर साल 50 विद्यार्थियों को स्कूली सामग्री की मदद करने के साथ-साथ अन्य सामाजिक कार्यों में भी वे हमेशा आगे रहते हैं. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने ‌‘जयश्री‌’ नाम से अपना खुद का किराना ब्रांड स्थापित किया है. अगर खुद की एक अलग पहचान बनानी है, तो अपना खुद का ब्रांड बनाएं और उसे बड़ा करें- यही संदेश श्यामजी ने अपने कार्यों से दिया है.
 
  
इस वर्ष के पुरस्कार विजेता
व्यापारी भूषण पुरस्कार : विक्की पॉलिमर्स प्रा.लि. के दिलीप कुंभोजकर
सर्वोत्तम दुकान पुरस्कार : जयश्री ग्रॉसरी एंड ड्राईफ्रूट्स के श्याम अग्रवाल
उत्कृष्ट विक्रेता प्रदर्शन पुरस्कार : अरुणकुमार एंड कंपनी के सचिन चांडक
दिवंगत डॉ. धनंजय और साधनाताई गोरे स्मृति पुरस्कार : आशा मेहता
उत्कृष्ट महिला व्यापारी पुरस्कार : तुलसीबाग की स्वर्ण कलाकार स्वाती आंबासनकर
फिनिक्स पुणे का अभिमान पुरस्कार : दीपक कैटरर्स के दीपक और निखिल मालानी