पुणे, 29 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शहर के श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपती ट्रस्ट की ओर से देश के अग्रगण्य स्वतंत्रता सेनानी क्रांतिसूर्य भाऊसाहेब रंगारी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति में एक बेहद सराहनीय सामाजिक उपक्रम चलाया गया. ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद, होनहार और मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल की साहित्य नोटबुक्स का मुफ्त वितरण किया गया. इस कल्याणकारी अभियान का सीधा लाभ दापोली, भीमाशंकर, सातारा, पुणे शहर और पुणे के सुदूर ग्रामीण इलाकों के करीब 1,500 विद्यार्थियों को मिलेगा. इस विशेष वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर नन्हे अहान मोदी और समाज के लिए एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व बन चुकीं सायली नंदकिशोर अगावणे के हाथों विद्यार्थियों को कॉपियां सौंपी गईं. महज 5 साल 8 महीने की छोटी सी उम्र में अहान मोदी ने केवल 2 मिनट 49 सेकंड में 197 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को सटीक पहचान कर वेिश रिकॉर्ड स्थापित किया है. इसके अलावा अहान दुनिया के सभी देशों, उनकी राजधानियों और वेिश मानचित्र पर उनकी भौगोलिक स्थिति को उंगलियों पर बताने की अद्भुत क्षमता रखता है. इस कार्यक्रम की दूसरी मुख्य आकर्षण सायली अगावणे रहीं, जो एक बेहतरीन कथक और वेस्टर्न डांसर हैं. उन्होंने डाउन सिंड्रोम जैसी गंभीर जेनेटिक बीमारी और कई शारीरिक व मानसिक चुनौतियों पर अपनी अटूट इच्छाशक्ति से विजय प्राप्त की है. आज वे अपने जैसी ही विशेष (दिव्यांग) प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं और खुद आगे बढ़कर विशेष बच्चों को नृत्य तथा योग का प्रशिक्षण देती हैं. इस गरिमामयी कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की. प्रमुख अतिथियों में संजय घनाटे (उपाध्यक्ष, भाजपा ओबीसी मोर्चा, तेलंगाना), विजयकुमार सिंह (से. निवृत्त रजिस्ट्रार, एनआईटी, कोलकाता), शिखा दरबारी (से.नि आयकर आयुक्त, नई दिल्ली) और राम सरोदे (अध्यक्ष, युवा मोर्चा, भावसार समाज) शामिल थे. इस अवसर पर श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपती ट्रस्ट के अध्यक्ष संजीव जावले, सचिव दिलीप आड़कर, ट्रस्टी मिलिंद डफल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक (वॉलंटियर्स) उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया.