मुंबई सेंट्रल मंडल का चार दिवसीय पर्यावरण संरक्षण अभियान संपन्न
04-Jun-2026
Total Views |
मुंबई, 3 जून (वि.प्र.) वेिश पर्यावरण दिवस 2026 अभियान के अंतर्गत पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल द्वारा 27 से 30 मई के दौरान विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और परिसरों में पर्यावरण संरक्षण तथा जन-जागरूकता गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया. इन पहलों का मुख्य उद्देश्य सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंडल ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विभिन्न रेल परिसरों में 300 से अधिक पौधे लगाकर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया, जो निरंतर जारी है. इसके साथ ही, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए रेलवे कॉलोनियों के समीप स्थित पार्कों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण का विशेष अभियान चलाया गया. निवासियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने, शारीरिक फिटनेस बनाए रखने और ई-वेस्ट के सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूक किया गया. प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए कपड़े व जूट के थैलों के उपयोग तथा वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (ओएसओपी) के तहत पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा दिया गया. इसके अलावा, कागज की खपत घटाने के लिए यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और पेपरलेस यात्रा के लिए प्रेरित किया गया.