पुणे, 3 जून (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शिवराणा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सुखदेव सिंह चारण ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े को पुणे से बीकानेर के बीच सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. उक्त ज्ञापन में बताया गया कि पुणे एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में राजस्थान के प्रवासी परिवार निवास करते हैं. वर्तमान में पुणे से बीकानेर के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है, इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए पुणे-बीकानेर सीधी रेलगाड़ी शीघ्र शुरू की जाए. इस मांग को लेकर राज्यपाल के छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके आवास पर शिवराणा फाउंडेशन ने ज्ञापन के जरिए क्षेत्रवासियों की समस्या रखी. इस दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा इस मांग पर सकारात्मक विचार करने तथा संबंधित विभाग तक विषय पहुंचाने का ओशासन दिया गया. इस अवसर पर सुखदेव सिंह चारण, चन्द्रवीर सुथार, उमेद सुथार, कोजाराम, ललित, दिनेश एवं मुकेश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.