बारामती, 4 जून (आ.प्र.) बारामती डाक मंडल का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह 2 जून को प्रशासनिक भवन, पंचायत समिति, बारामती में बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. पुणे क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई. बारामती डाक मंडल के अधीक्षक केतन डी. शिंत्रे ने गत वर्ष के दौरान बारामती डाक मंडल की उपलब्धियों एवं कार्यप्रदर्शन का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया. समारोह के दौरान वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. व्यवसाय विकास, पीएलआई/आरपीएलआई, डाकघर बचत बैंक, आईपीपीबी, डाक परिचालन तथा ग्राहक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों एवं महिला प्रधान एजेंटों को पुरस्कार प्रदान किए गए. 01 जून को बारामती डाक मंडल का चौथा स्थापना दिवस मनाया गया. 01 जून 2022 को पुणे ग्रामीण मंडल से विभाजित होकर स्थापित हुए बारामती डाक मंडल ने पिछले चार वर्षों में डाक सेवाओं, वित्तीय सेवाओं, जीवन बीमा तथा ग्राहक-केंद्रित पहलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं. पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने वित्तीय समावेशन एवं पार्सल सेवाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होंने उल्लेख किया कि महिलांए प्रधान बचत एजेंट डाक विभाग से जुड़कर वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं. कार्यक्रम में सभी उपमंडलीय प्रमुख, बारामती प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर, उप पोस्टमास्टर, डाक सहायक, ग्रामीण डाक सेवक, महिला प्रधान एजेंट, फ्रेंचाइजी धारक तथा प्रमुख व्यावसायिक ग्राहक उपस्थित थे. सहायक अधीक्षक डाकघर (मुख्यालय) राजकुमार बी. घायाल ने आभार व्यक्त किया.