फीडर पिलर हटाने मनपा व महावितरण भिडे

    05-Jun-2026
Total Views |
 

bhide 
 
शहर की सड़काें और फुटपाथाें पर बाधा बने महावितरण के फीडर पिलराें के स्थानांतरण के मुद्दे काे लेकर पुणे मनपा और महावितरण के बीच नया विवाद खड़ा हाे गया है. पैदल यात्रियाें की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले इन फीडर पिलराें काे हटाने के लिए मनपा लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन निधि के अभाव का कारण बताते हुए महावितरण ने इस कार्य की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी मनपा पर डाल दी है. इसके अलावा, फीडर पिलराें और संबंधित विद्युत उपकरणाें के स्थानांतरण के लिए आवश्यक 1.3 प्रतिशत पर्यवेक्षण शुल्क (सुपरविजन शुल्क) भी मनपा द्वारा ही वहन किया जाए, ऐसी मांग महावितरण ने की है. इससे इस कार्य के खर्च काे लेकर दाेनाें संस्थाएं आमने-सामने आ गई हैं.
 
शहर की अनेक प्रमुख सड़काें, बाजाराें, विद्यालयाें-महाविद्यालयाें के परिसराें तथा आवासीय क्षेत्राें के फुटपाथाें पर फीडर पिलर स्थापित किए गए हैं.साथ ही सड़क चाैड़ीकरण तथा स्मार्ट राेड परियाेजनाओं के कार्याें में भी बाधाएं उत्पन्न हाे रही हैं. इसी पृष्ठभूमि में मनपा के पथ विभाग ने महावितरण से इन फीडर पिलराें काे तत्काल स्थानांतरित करने की मांग की थी. पुणे शहर परिवर्तन समिति की बैठक में भी इस विषय पर चर्चा हुई थी.महावितरण के रास्ता पेठ शहर मंडल के अधीक्षक अभियंता ज्ञानदेव पड़लकर द्वारा मनपा काे भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पुणे ग्रैंड टूर साइकिल प्रतियाेगिता के आयाेजन के अंतर्गत शहर की 32 सड़काें पर स्थित लगभग 1,322 फीडर पिलराें तथा अन्य विद्युत उपकरणाें के स्थानांतरण के लिए अनुमानित व्यय काे स्वीकृति प्रदान की गई है. किंतु इस कार्य के लिए पृथक निधि उपलब्ध नहीं हाेने के कारण मनपा अपने पथ एवं विद्युत विभाग के माध्यम से यह खर्च वहन कर कार्य पूर्ण कराए.