कर्मचारियों को पेन्शन संबंधित मार्गदर्शन

ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय में ‌‘निधि आपके निकट‌’ कार्यक्रम का आयोजन

    01-Jul-2026
Total Views |
bfb
हिंजवड़ी, 30 जून (आ.प्र.)
 
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय हिंजवडी एवं आकुर्डी द्वारा निधि आपके निकट कार्यक्रम का आयोजन सोमवार (29 जून) को किया गया. कार्यक्रम में नियोक्ता और कर्मचारियों को पीएफ और पेन्शन संबंधित मार्गदर्शन दिया गया. क्षेत्रीय कार्यालय हिंजवडी द्वारा यह कार्यक्रम भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), आकुर्डी टेलीफोन एक्सचेंज में आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान इस माह की थीम के अनुरूप ईपीएफओ की नई सरलीकृत दावा प्रक्रिया के बारे में अधिकारियों की टीम द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई. नितिन जैन, प्रवर्तन अधिकारी एवं आलोक कुमार, अनुभाग पर्यवेक्षक ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तावित नई सरलीकृत भविष्य निधि अग्रिम दावा प्रणाली के बारे में बताया. उन्होंने जानकारी दी कि नई दावा प्रणाली में तीन श्रेणियां आवश्यक, आवास एवं विशेष निर्धारित की गई हैं. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं नियोक्ताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान ईपीएफओ के अधिकारियों द्वारा किया गया. इस अवसर पर प्रवर्तन अधिकारी संजय नागपुरे एवं नीरज सिन्हा ने यूएएन पोर्टल एवं उमंग एप के माध्यम से भविष्य निधि दावे प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. इसी क्रम में क्षेत्रीय कार्यालय आकुर्डी द्वारा चाकण एम आई डी सी में भी निधि आपके निकट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सचिन पगारे एवं प्रसाद बोरकर, प्रवर्तन अधिकारी तथा अशोक तगड़ एवं पंकज बिनवानी ने भाग लिया. कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नई दावा प्रणाली एवं ईपीएफओ की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई. इस अवसर पर आकुर्डी क्षेत्रीय आयुक्त (प्रथम) सनत कुमार एवं हिजवडी के क्षेत्रीय आयुक्त (प्रथम) बिजयंत कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी नियोक्ताओं, भविष्य निधि सदस्यों एवं पेंशनरों को शुभकामनाएं दीं. क्षेत्रीय आयुक्त (द्वितीय) सचिन बोराटे ने सदस्यों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़ें, अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करें तथा उमंग एप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी द्वारा अपने यूएएन खाते का प्रमाणीकरण सुनिश्चित करें.