राज्य में टीईटी परीक्षा के पेपर लीक मामले के कारण लाखाें विद्यार्थियाें के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ के विराेध में महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस ने साेमवार काे पुणे स्थित महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद कार्यालय पर आक्रामक आंदाेलन किया.आंदाेलन के दाैरान आक्राेशित युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य प्रवेशद्वार से कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास किया. इस दाैरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हाे गई.आंदाेलन के दाैरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की निष्क्रियता और परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के विराेध में जमकर नारेबाजी की.युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष शिवराज माेरे ने कहा, महाराष्ट्र के विद्यार्थियाें का भविष्य आज सुरक्षित नहीं रह गया है.
परीक्षा अब याेग्यता का अवसर नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का बाजार बन चुकी है. टीईटी पेपर लीक केवल एक परीक्षा की गलती नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था की विफलता का प्रतीक है. दाेषियाें काे तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठाेर कार्रवाई की जानी चाहिए. अन्यथा युवक कांग्रेस पूरे राज्य में और अधिक उग्र आंदाेलन छेड़ेगी.युवक कांग्रेस के राज्य प्रभारी अजय छिकारा ने कहा, देश के युवाओं और विद्यार्थियाें के साथ लगातार अन्याय हाे रहा है. पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द हाेना और भर्ती प्रक्रिया में हाेने वाला भ्रष्टाचार लाखाें युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल रहा है.युवक कांग्रेस प्रत्येक विद्यार्थी के अधिकार के लिए सड़क पर उतरी है और न्याय मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा. युवक कांग्रेस के राज्य मीडिया विभाग के चेयरमैन अक्षय जैन ने कहा, परीक्षा व्यवस्था पर विद्यार्थियाें का विश्वास पूरी तरह टूट चुका है.
सरकार की ओर से केवल जांच की घाेषणाएं की जाती हैं. हर बार केवल एजेंटाें की गिरफ्तारी हाेती है, लेकिन दाेषी अधिकारियाें के खिलाफ कठाेर कार्रवाई हाेती दिखाई नहीं देती.विद्यार्थियाें के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियाें और इस घाेटाले के सभी सूत्रधाराें काे तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.अन्यथा युवक कांग्रेस पूरे महाराष्ट्र में व्यापक जनआंदाेलन खड़ा करेगी.इस अवसर पर राज्य प्रभारी अजय छिकारा, प्रदेशाध्यक्ष शिवराज माेरे, मीडिया चेयरमैन अक्षय जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रथमेश आबनावे, महासचिव प्रवीण बिरादार, गणेश उबाले, शहराध्यक्ष साैरभ आमराले आनंद दुबे, मेघश्याम धर्मावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.