मुंबई, 30 जून (वि.प्र.) लायंस क्लब ऑफ मुंबई महावीर नगर ने लायनस्टिक वर्ष 2026-27 की शुरुआत के उपलक्ष्य में 26 जून 2026 को अपना शपथ ग्रहण (इंस्टॉलेशन) समारोह बेहद उत्साह और भव्यता के साथ मनाया. इस भव्य समारोह में लायंस इंटरनेशनल के डायरेक्टर लायन पंकज मेहता ने नए पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. लायन आरती निमेष शाह ने लायनस्टिक वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला. उनके साथ उनकी पूरी नई टीम ने भी जिम्मेदारी स्वीकार की. इस साल के समारोह की थीम भारत में लायनवाद के 70 वर्ष रखी गई थी. यह थीम देश भर में पिछले सात दशकों से लायंस क्लब द्वारा की जा रही निस्वार्थ सेवा, नेतृत्व और मानवीय कार्यों को समर्पित थी. इस गरिमामयी कार्यक्रम में 200 से अधिक सदस्यों, गणमान्य व्यक्तियों और मेहमानों ने शिरकत की. लायंस क्लब ऑफ मुंबई महावीर नगर समाज में अपने बड़े और निरंतर सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है. क्लब के प्रमुख प्रोजेक्ट्स में मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट ट्यूबरकुलोसिस (एमडीआर-टीबी) से पीड़ित मरीजों को हर महीने राशन बांटना, चिकित्सा सहायता कार्यक्रम, जरूरतमंद छात्रों को शैक्षिक सहायता और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए काम करना शामिल है. इसके अलावा पालघर में चेक डैम (चेक बांध) का निर्माण और वॉटर-लिफ्टिंग प्रोजेक्ट्स क्लब के सबसे सफल प्रोजेक्ट्स में से हैं, जिन्होंने ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत दूर कर बड़ा सामाजिक बदलाव लाया है. लायंस के मूल मंत्र हम सेवा करते हैं (वी सर्व) को दोहराते हुए, नई टीम ने आने वाले वर्ष में क्लब की सेवा भावना और सामाजिक विकास की इस विरासत को और आगे ले जाने का संकल्प लिया.