
शिवाजीनगर, 10 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पंढरपुर में आषाढ़ी एकादशी (वारी) की अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए आने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुनीत बालन ग्रुप की ओर से आवश्यक वस्तुओं की 9 हजार किट दी गई हैं. इस किट में दैनिक जरूरत की वस्तुएं शामिल होने के कारण, वारी के बंदोबस्त की अवधि के दौरान पुलिस कर्मचारियों को होने वाली असुविधा से बचा जा सकेगा. इसके परिणामस्वरूप, वे दर्शन के लिए आने वाले वारकरियों को और बेहतर सेवा दे सकेंगे. आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर हर साल संतश्रेष्ठ श्री ज्ञानेेशर महाराज और जगद्गुरु संत श्री तुकाराम महाराज सहित अन्य संतों की पालकी के साथ लाखों वारकरी दर्शन के लिए पंढरपुर जाते हैं. 15 से 19 जुलाई की अवधि के दौरान संतश्रेष्ठ ज्ञानेेशर माऊली की पालकी सातारा जिले से होकर गुजरती है. लोणंद, तरडगांव, फलटण, बरड इन क्षेत्रों से पालकी के गुजरने के दौरान 2,700 पुरुष पुलिसकर्मी और 300 महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था (बंदोबस्त) के लिए तैनात रहते हैं. उनके लिए 3 हजार किट उपलब्ध कराने का अनुरोध सातारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से किया गया था. साथ ही, 25 जुलाई को पंढरपुर में आयोजित होने वाली आषाढी वारी के लिए संतश्रेष्ठ ज्ञानेेशर माऊली और जगद्गुरु संत श्री तुकाराम महाराज की प्रमुख पालकियों के साथ राज्य भर से सैकड़ों पालकियां और दिंडियां (भक्तों के समूह) पंढरपुर में दाखिल होती हैं. इस उत्सव में शामिल होकर भगवान विट्ठल के दर्शन करने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर आने वाले भक्तों की संख्या भी बहुत बड़ी होती है. इन सभी की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पंढरपुर में 6 हजार 500 पुरुष पुलिसकर्मी और 2,000 महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. पंढरपुर उपविभागीय कार्यालय द्वारा युवा उद्यमी पुनीत बालन को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया था कि इन्हें भी इसी प्रकार की किट उपलब्ध कराई जाए. तदनुसार, बालन ने तुरंत ये किट उपलब्ध करा दिए हैं. इसके तहत सोलापुर ग्रामीण पुलिस बल के लिए 7 हजार और सातारा ग्रामीण पुलिस बल के लिए 2 हजार, इस प्रकार कुल 9 हजार किट उपलब्ध कराए गए हैं. किट में है जरुरी वस्तुएं गौरतलब है कि इस किट में टूथपेस्ट पाउच, टूथब्रश, तेल की बोतल, ओडोमॉस, ग्लूकोज, डेटॉल साबुन, मूंगफली की चिक्की (पट्टी), कपड़े का मास्क, पानी की बोतल और महिला पुलिसकर्मियों के लिए सैनिटरी पैड शामिल हैं.