बुधवार पेठ, 10 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से चलाए जा रहे ‘जय गणेश रुग्ण सेवा अभियान’ के तहत 27 हजार 564 से अधिक वारकरियों की स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की गई. इसके साथ ही, मंदिर परिसर में लगभग 25 हजार वारकरियों को सुबह का नाश्ता और चाय भी दी गई. इस शिविर के अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी, महासचिव एवं विधायक हेमंत रासने, सह-सचिव अमोल केदारी, सुवर्णयुग तरुण मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चव्हाण के साथ-साथ ट्रस्ट के चिकित्सा विभाग प्रमुख राजेंद्र परदेशी और सुवर्णयुग तरुण मंडल तथा सुवर्णयुग सहकारी बैंक के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस स्वास्थ्य शिविर में आंखों की जांच की गई और साथ ही 11 हजार 500 वारकरियों को चश्मे वितरित किए गए. आवश्यकता होगी, उनका मुफ्त में ऑपरेशन किया जाएगा. शिविर में सत्य साईं सेवा ऑर्गनाइजेशन, तेजोमयी आई केयर, रेणुका नेत्रालय, सूर्य सह्याद्रि हॉस्पिटल (कसबा पेठ), सद्गुरु शंकर महाराज मठ अन्नछत्र समिति, सिल्वर बर्च मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, देशपांडे आई केयर (कोथरुड) आदि संस्थाओं ने भाग लिया.