जीवन का असली सुख शांति और स्वास्थ्य में छिपा हुआ है, इन्हीं विचारों के साथ ‘उंचाई’ नामक संस्था अग्रवाल समाज के विभिन्न घटकों को एक साथ लाकर कार्यरत है. योग, ध्यान, एडवेंचर स्पोर्ट्स और विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों समेत उंचाई की एक विशेष पहल मन की बात भी है, जिसमें प्रत्येक रविवार को लोकप्रिय दै. ‘आज का आनंद’ में क्लब के सदस्य अपने विचार, अनुभव, भावनाएं और जीवन के महत्वपूर्ण सुझाव साझा करते हैं.
स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है. यह अमूल्य सच्चाई मैंने उंचाई फिटनेस क्लब से जुड़कर अनुभव की. इस क्लब में हमें रोज समूह के साथ फिटनेस की प्रेरणा मिलती है. हम प्रतिदिन 10 हजार कदम चलते हैं और हर महीने एक बार ट्रेक पर जाते हैं. रोज योग और ध्यान का अभ्यास हमारे तन-मन को ऊर्जा देता है. साथ ही एक्वा जुरबा, आइस बाथ और साउंड हीलिंग जैसी अनोखी गतिविधियां भी कराई जाती हैं, जो तनाव कम करती हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि यह सभी आयु वर्ग के लिए उपयुक्त है. प्रेम और समर्पण के साथ सिखाया जाने के साथ साथ भोजन भी सेहत के अनुसार सोचसम झकर तय किया जाता है, जिसमें अंकुरित अनाज, ताजे फल और एबीसी जूस हमेशा भोजन का हिस्सा होते हैं. विशेषता यह है कि क्लब में कोई अकेले यानी एकल रूप से भी जुड़ सकता है और जोड़े के रूप में भी. जोड़े का अर्थ दो मित्र या कोई भी, जिसके साथ आप सहज हों. हमारे क्लब में सास-बहू की जोड़ी भी है, जो प्रेरणा देती है. यह केवल व्यायाम का स्थान नहीं, बल्कि एक परिवार है जो एक-दूसरे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है.
उंचाई क्लब से जुड़ने के बाद हमारी जीवनशैली पूरी तरह बदल गई है. आलस्य की जगह अनुशासन ने ली है. स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट में भी शानदार परिणाम दिखने लगे हैं. ब्लड टेस्ट, बीएमआई और अन्य जरूरी जांच साल में एक बार अनिवार्य रूप से की जाती है, जिससे हम अपनी सेहत पर नजर रख पाते हैं.
मेघना संदीप अग्रवाल सदस्य, उंचाइ