बुधवार पेठ, 11 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पंढरपुर की ओर प्रस्थान कर पुणे शहर में विश्राम के लिए रुके वारकरियों के लिए श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट की ओर से विभिन्न सेवाभावी गतिविधियों का आयोजन किया गया था. इस दौरान भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण और पैर मालिश की सेवा उपलब्ध कराई गई. ट्रस्ट के इस सेवा उपक्रम को वारकरी भक्तों की ओर से भारी प्रतिक्रिया मिली. महाप्रसाद सेवा का लाभ लगभग 8 से 10 हजार वारकरियों ने लिया. वारकरियों की सेवा के लिए हिंदुस्तान के पहले सार्वजनिक गणपति ‘श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति ट्रस्ट’ द्वारा हर साल सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विभिन्न उपक्रम चलाए जाते हैं. इस वर्ष की आषाढ़ी वारी में भी सेवा ही साधना की भावना से वारकरी भक्तों के लिए यह सेवा उपलब्ध कराई गई. वारकरियों की लंबी दूरी की यात्रा, पैदल वारी और शारीरिक थकान को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य जांच और मुफ्त दवा वितरण की सुविधा प्रदान की गई थी. वारकरियों की थकान और परेशानी को कम करने के लिए ‘चरण मसाज’ (पैर मालिश) सेवा का भी आयोजन किया गया था. ट्रस्ट के ट्रस्टी और उत्सव प्रमुख पुनीत बालन के मार्गदर्शन में इस पूरी गतिविधि का आयोजन किया गया था.