गुरुवार पेठ, 12 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) भक्ति योगाचार्य आचार्य यशोविजयसूरीजी महाराजा आदि ठाणा (लगभग 150 संतसाधुओं) का पुणे के गुरुवार पेठ स्थित ऐतिहासिक 275 साल पुराने श्री गोड़ीजी पोर्शनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर में ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में शाही चातुर्मास प्रवेश हुआ. इस अवसर पर 250 से अधिक संत-साधु पुणे आए हैं. आचार्यजी के प्रवेश के अवसर पर पूरे मंदिर के साथ मंदिर प्रांगण में भगवान महावीर की मूर्ति को फूलों और कई दीपों से और मंदिर के द्वार को 108 साकों से सजाया था. जिसमें कद्धान्य, अष्टमंगल, फल, फूल, मिठाई, 14 सपने, गन्ना आदि शामिल थे. गुरु भगवंत के प्रवेश के अवसर पर केशव शंखनाद पथक ने मंदिर के द्वार पर शंखनाद किया. इस अवसर पर श्रावक और श्राविकाओं ने ‘गुरुजी हमारा अंतरनाद... हमें आपो आशीर्वाद’ का जयघोष किया. महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर मंदिर के बाहर गुरु भगवंत की परिक्रमा की. सुबह गुरुवर पेठ में भक्तिमय माहौल देखा गया. भक्ति योगाचार्य आचार्य यशोविजयसूरीजी महाराज ने इस अवसर पर मौजूद सभी भक्तों को नवकार महामंत्र से प्रवचन दिया. इन साधुओं के मंदिर में प्रवेश के मौके पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई.