पुणे, 12 जुलाई (आ.प्र.) आषाढ़ी पालकी उत्सव के अवसर पर पूना कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी डिवीजन-3, विद्यार्थी विकास मंडल तथा आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा हिच वारी’ अभियान का आयोजन किया गया. अभियान के माध्यम से कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने वारकरियों की सेवा करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का संदेश दिया. महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इकबाल एन. शेख के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया. स्वयंसेवकों ने पालकी मार्ग पर वारकरियों के लिए पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था की तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई. इस सेवा कार्य का उद्देश्य वारकरी परंपरा के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करना था. इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. इकबाल एन. शेख, उपप्राचार्य डॉ. गुलाब पठान, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. शिरीन शेख, एनसीसी अधिकारी सब लेफ्टिनेंट डॉ. मोहम्मद शाकिर शेख, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ईरम खान, विद्यार्थी विकास अधिकारी डॉ. बाबा शेख, डॉ. अकबर सैय्यद, डॉ. हामिद हाशमी, प्रा. अशद शेख तथा डॉ. विद्यासागर संगराम सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिवार ने संत ज्ञानेेशर महाराज के पसायदान का सामूहिक पाठ भी किया. स्वयंसेवकों ने स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक कचरे को कम करने और वारकरी परिवार को सहयोग प्रदान करने का संदेश दिया.