मुकुंदनगर, 12 जुलाई (आ.प्र.) अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से तिलक महाराष्ट्र विद्यापीठ, पुणे (टीएमवी) के प्रबंधन (मैनेजमेंट) विभाग ने मंगलवार (7 जुलाई) को सिंगापुर के नानयांग इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (एनआईएम) और पुणे की स्कॉलरियो संस्था के साथ दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. ये समझौते ‘सिंगापुर कनेक्ट एट टीएमवी मैनेजमेंट’ पहल के तहत किए गए हैं. इस कार्यक्रम में टीएमवी के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक और उपाध्यक्ष एवं प्रबंधन विभाग की डीन डॉ. प्रणति तिलक ने उपस्थित गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया. इन अतिथियों में नानयांग इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के छात्र प्रवेश और प्रवेश प्रक्रिया के निदेशक खू रेमंड, भारत, म्यांमार और श्रीलंका क्षेत्र के उपनिदेशक टैनी ह्टेट ह्टेट, भारत और भूटान क्षेत्र के सहायक प्रबंधक हर्ष पगारिया तथा स्कॉलरियो के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभम पॉल शामिल थे. इस अवसर पर दोनों संस्थानों के बीच छात्र एवं संकाय (प्रोफेसर) विनिमय, अतिथि व्याख्यान, संयुक्त प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम, व्यावसायिक मार्गदर्शन, पाठ्यक्रम विकास और वेिशविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्दे शों के अनुसार किफायती अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के अवसर प्रदान करने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई. सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल ने उपस्थित लोगों को सिंगापुर की उच्च शिक्षा प्रणाली, उद्योग-उन्मुख शिक्षा पद्धति, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित शिक्षा, स्नातकों की रोजगार क्षमता में वृद्धि और वैेिशक करियर के नए अवसरों के बारे में मार्गदर्शन किया. साथ ही, अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा क्षेत्र में बदलते रुझानों और भविष्य के अवसरों की जानकारी भी दी. कार्यक्रम का समापन स्मृति चिन्हों के आदान-प्रदान, आपसी संवाद और भविष्य के शैक्षणिक सहयोग को और मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ.