पुणे, 13 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) वर्षा की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ने के कारण पुणे मनपा ने 15 जुलाई से शहर में फिर एक दिन छाेड़कर जलापूर्ति करने का निर्णय लिया है. आगामी कुछ दिनाें में वर्षा की स्थिति का आकलन करने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा. यह जानकारी मनपा आयुक्त नवल किशाेर राम ने दी.
इस वर्ष जून महीने में वर्षा अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुई. शहर काे पानी उपलब्ध कराने वाली खड़कवासला बांध श्रृंखला में जलसंचय भी कम हाे गया था. जलसंपदा विभाग के निर्देश पर मनपा ने जून महीने में जलकटाैती लागू की थी. इसके तहत शहर में एक दिन छाेड़कर पानी की आपूर्ति शुरू की गई थी.इस बीच जुलाई के पहले सप्ताह में हुई जाेरदार वर्षा से बांधाें में जलसंचय बढ़ गया.
इसी दाैरान 6 जुलाई काे मुलशी तहसील और पिंपरीचिंचवड़ क्षेत्र में हुई भारी वर्षा के कारण आषाढ़ी वारी से ठीक पहले आलंदी स्थित इंद्रायणी नदी में बाढ़ आ गई.
इसके चलते 8 जुलाई से शुरू हाेने वाली वारी में शामिल हाेने वाले वारकरियाें काे पुणे में ही रुकने के निर्देश दिए गए. इसी कारण 7 जुलाई से शहर में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी गई थी. पालकी समाराेह पुणे से निकलने तक, अर्थात 12 जुलाई तक नियमित जलापूर्ति जारी रखी गई.इस बीच जुलाई के पहले आठ दिनाें में हुई भारी वर्षा के कारण बांधाें में 16 टीएमसी से अधिक पानी जमा हुआ. इतना ही नहीं, खड़कवासला बांध 85 प्रतिशत भरने के बाद लगभग डेढ़ टीएमसी पानी नदी में छाेड़ा गया.
इसके बाद महापाैर ने स्पष्ट किया था कि जलकटाैती पर निर्णय सभी दलाें के नेताओं की बैठक में लिया जाएगा.
इस संबंध में मनपा आयुक्त नवल किशाेर राम से पूछे जाने पर उन्हाेंने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी वर्षा हाेने के बाद अब बारिश में फिर कमी आ गई है. जलसंपदा विभाग और माैसम विभाग से यह जानकारी मिल रही है कि वर्षा में और विलंब हाे सकता है. इस पृष्ठभूमि में पर्याप्त वर्षा हाेने तक बांधाें के पूरी तरह भरने काे लेकर चिंता बनी हुई है. इसी स्थिति काे देखते हुए 15 जुलाई से जलापूर्ति में कटाैती करते हुए शहर में एक दिन छाेड़कर पानी की आपूर्ति की जाएगी