‌‘दगडूसेठ गणपति ट्रस्ट‌’ की ओर से एम्बुलेंस और पानी के टैंकर

पालकी समारोह के लिए पालकियों के साथ तीन एम्बुलेंस, डॉक्टर्स और चिकित्सा सेवाए

    15-Jul-2026
Total Views |
bSFB

बुधवार पेठ, 14 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पंढरपुर के लिए रवाना हुए पालकी उत्सव के साथ वारकरियों की सेवा के लिए श्रीमंत दगडूसेठ हलवाई सार्वजनिक गणपति ट्रस्ट और सुवर्णयुग तरुण मंडल की ओर से पुणे से तीन सुसज्जित एम्बुलेंस रवाना की गई हैं. ये एम्बुलेंस संतश्रेष्ठ ज्ञानेेशर महाराज, जगद्गुरु तुकाराम महाराज और संत सोपान काका के पालकी उत्सव के साथ रहेंगी. इसके अलावा, वारकरियों की सेवा में पीने के पानी के टैंकर भी भेजे गए हैं. ‌‘जय गणेश रुग्णसेवा अभियान‌’ के अंतर्गत इस उपक्रम की शुरुआत हुई है, जिसके तहत पालकी समारोह के समापन तक बड़े पैमाने पर डॉक्टर्स, दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी. इस उपक्रम का यह 37वां वर्ष है. गणपति मंदिर के सामने एम्बुलेंस का पूजन कर इस उपक्रम की शुरुआत की गई. इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील रासने, ट्रस्ट के उपाध्यक्ष और उपक्रम का नियोजन करने वाले डॉ. रामचंद्र उर्फ बालासाहेब परांजपे, कोषाध्यक्ष महेश सूर्यवंशी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. डॉ. रामचंद्र उर्फ बाबासाहेब परांजपे ने कहा कि कई किलोमीटर की पैदल यात्रा करने वाले वारकरियों के स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाता है. आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत मिल सकें, इसके लिए इस पहल का आयोजन किया जाता है. बताया गया कि पालकी समारोह जिस-जिस स्थान पर विश्राम के लिए रुकता है, वहां चलता-फिरता अस्पताल (मोबाइल डिस्पेंसरी) भी चलाया जाता है. इसमें विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचें की जाती हैं. साथ ही, दवाइयां भी मुफ्त दी जाती हैं. हर साल हजारों वारकरी इस स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाते हैं.