मुंबई, 14 जुलाई (वि.प्र.) मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने जून 2026 में सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई से संभावित हादसों को टालने वाले 9 रेल कर्मचारियों को सेफ्टी अवॉर्ड से सम्मानित किया है. विजेताओं को पदक, प्रशस्तिपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. पुरस्कार विजेताओं का विवरण : मुंबई मंडल : कनिष्ठ अभियंता गुणवंत त्र्यंबक नेमाडे ने एलटीटी-दानापुर एक्सप्रेस के कोच में पुली खिसकी देख संभावित हादसा टाला. पॉइंट्सवुमन गीता कुनाल नागवेकर ने दादर स्टेशन पर फिसलकर गिर रहे यात्री की जान बचाई. पुणे मंडल: वरिष्ठ तकनीशियन मौलाली मुल्ला ने महाराष्ट्र एक्सप्रेस की रोलिंग-इन जांच के दौरान टूटा हुआ स्प्रिंग पकड़ा. आरपीएफ कांस्टेबल दीपक करडिले ने कार्रवाई कर 11.08 लाख रुपये की चोरी की रेल संपत्ति बरामद की और चार आरोपियों को पकड़ा. भुसावल मंडल: वरिष्ठ सहायक लोको पायलट एच. ए. उद्दघे ने दादर- गोरखपुर एक्सप्रेस के अंडरफ्रेम से रिसाव की पहचान कर एक्सल लॉक होने से बचाया. ट्रैक मेंटेनर किशोर शिवदास डोंगरे ने मालगाड़ी के पहियों से धुआं निकलते देख तुरंत ट्रेन रुकवाई और ब्रेक जाम ठीक कराया. नागपुर मंडल: लोको पायलट अकील अहमद शेख ने ट्रैक पर क्षतिग्रस्त ओएचई देखकर ट्रेन रोकी. लोको पायलट दिनेश वेिशकर्मा ने ट्रैक के पास लगी आग को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए और अग्निशामक यंत्र से आग बुझाई. सोलापुर मंडल: वरिष्ठ तकनीशियन कलावती रामकृष्ण ने मालगाड़ी के निरीक्षण के दौरान गायब स्प्रिंग्स की पहचान कर संभावित दुर्घटना को टाला. महाप्रबंधक ने सभी विजेताओं की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि इनका समर्पण अन्य रेलकर्मियों को भी सदैव सजग रहने की प्रेरणा देगा.