कोंढवा, 16 जुलाई (आ.प्र.) श्री शांतिनगर श्वेतांबर मूर्तिपूजक जैन संघ, कोंढवा, पुणे में मंगलवार (14 जुलाई) को दिव्य चातुर्मास- 2026 के शुभ अवसर पर प. पू. कच्छ वागड़ देशोद्धारक, अध्यात्मयोगी प. पू. आचार्यदेव श्री विजय कलापूर्णसूरेीशरजी म. सा. के पावन समुदाय की प. पू. साध्वी श्री दिव्यगुणाश्रीजी म. सा. की शिष्यरत्ना, तपस्वी रत्ना प. पू. साध्वी श्री दर्शनगुणाश्रीजी म. सा. आदि ठाणा का चातुर्मास प्रवेश अत्यंत भव्य, भक्तिमय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. चातुर्मास प्रवेश के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, गुरु-भक्तों एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई. जयघोष, भक्ति एवं श्रद्धा से ओतप्रोत वातावरण में गुरु मां का मंगल प्रवेश हुआ, जिससे संपूर्ण संघ धर्ममय एवं आनंदमय भावनाओं से सराबोर हो गया. इस वर्ष के संपूर्ण चातुर्मास के लाभार्थी अ. सौ. मफीदेवी बाबूलालजी विनायकिया परिवार (जवेरीलालजी बाबूलालजी विनायकिया परिवार) हैं. परिवार ने अत्यंत श्रद्धा, समर्पण एवं उदार भाव से इस पावन चातुर्मास का लाभ ग्रहण किया. संपूर्ण संघ ने उनके इस पुण्य कार्य की हृदय से अनुमोदना करते हुए मंगलमय जीवन एवं उत्तरोत्तर धर्मलाभ की शुभकामनाएं प्रेषित कीं. संघ के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से चातुर्मास के दौरान आयोजित होने वाले प्रवचन, स्वाध्याय, तप, आराधना एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर अपने जीवन को धर्ममय बनाने का आह्वान किया. गुरु भगवंत के पावन सान्निध्य में यह सम्पूर्ण चातुर्मास धर्म, तप, संयम, आराधना एवं आत्मकल्याण का प्रेरणादायी पर्व बने, यही मंगल भावना व्यक्त की गई. संस्था के अध्यक्ष कपूरचंद गुंदेशा, ट्रस्ट्री ललित चौहान, महेंद्र भंसाली, महेंद्र पोरवाल, हंसमुख एवं सोसायटी के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे.