शिवाजीनगर, 17 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) स्व. राकेश देवीचंद जैन की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पूना हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर और श्री जिन कुशल सेवा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार (15 जुलाई) को 47वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में 101 रक्तदाताओं ने स्वतःस्फूर्त रक्तदान कर अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया. भगवान महावीर का स्मरण कर शिविर का उद्घाटन पूना हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर के अध्यक्ष देवीचंद जैन के हाथों और ट्रस्टी मंडल की उपस्थिति में संपन्न हुआ. मैनेजिंग ट्रस्टी राजकुमार चोरड़िया ने कहा कि, रक्तदान से पहले की जाने वाली प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के कारण रक्तदाताओं में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा होती है. ट्रस्टी डॉ. राजेश शाह ने कहा कि, रक्त की बढ़ती मांग और कमी के बावजूद राकेश जैन मेमोरियल ब्लड सेंटर ने जरूरतमंद मरीजों तक हमेशा रक्त और रक्त घटकों की आपूर्ति की है. बताया गया कि, स्व. राकेश जैन की स्मृति में शुरू किए गए इस रक्त केंद्र (ब्लड बैंक) की वजह से अब तक असंख्य मरीजों को जीवनदान मिला है. विशेष रूप से डेंगू जैसी आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को आवश्यक प्लेटलेट्स, रक्त और अन्य रक्त घटक समय पर उपलब्ध कराकर उन्हें तत्काल उपचार दिलाने में इस रक्त केंद्र ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इस शिविर के अवसर पर अस्पताल के जॉइंट मैनेजिंग ट्रस्टी पुरुषोत्तम लोहिया, भबुतमल जैन, सीईओ डॉ. रवींद्रनाथ, मेडिकल डायरेक्टर ले. कर्नल (रिटा.) डॉ. गिरीश देशमुख, साथ ही जिन कुशल सेवा मंडल के अध्यक्ष सुरेश जैन और कार्यकारी परिवार उपस्थित थे.