पुणे, 17 जुलाई (आ.प्र.) रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (दक्षिण कमान), द्वारा रक्षा पेंशन समाधान आयोजन का उद्घाटन समारोह बीईजी, खडकी में शुक्रवार (17 जुलाई) को संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नई दिल्ली के रक्षा लेखा अपर महानियंत्रक विनोद कुमार विजय थे. दक्षिण कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे. इस समाधान आयोजन का मुख्य उद्देश्य रक्षा पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का एक ही मंच पर त्वरित निवारण करना है. इस अवसर पर रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (दक्षिणी कमान), पुणे, रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक (पेंशन), प्रयागराज, अभिलेख कार्यालयों तथा स्पर्श सर्विस सेंटर के वरिष्ठ अधिकारी भी पेंशनरों की सहायता के लिए उपस्थित थे. विनोद कुमार विजय ने कहा कि रक्षा लेखा महानियंत्रक संगठन पेंशनधारकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी पेंशन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इस शिविर में पुणे एवं आसपास के क्षेत्रों से 750 से अधिक रक्षा पेंशनरों ने भाग लिया. शिविर के दौरान पीपीओ संबंधी विसंगतियों, स्पर्श माइग्रेशन, जीवन प्रमाण-पत्र तथा बकाया मामलों सहित विभिन्न पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया. रक्षा लेखा विभाग की यह पहल ‘स्पर्श’ के अंतर्गत भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सेवा तथा शिकायत निवारण तंत्र को सुदृढ़ करने के संकल्प को दर्शाती है.