पुणे/हरिद्वार, 1 जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) इंडियन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (आईएसए) द्वारा 27 और 28 जून 2026 को उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित 7वें फेडरेशन कप में भारतीय सेना के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेना का गौरव बढ़ाया. महाराष्ट्र टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे आर्मी बॉक्सर संजीत दर्जी (1st बटालियन, सिक्किम स्काउट्स) और राकेश गोंड (2 जाट) ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में क्रमशः कांस्य और रजत पदक अपने नाम किए. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संजीत दर्जी को कांस्य पदक के साथ प्रतिष्ठित ‘बेस्ट लूजर अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें पूरे टूर्नामेंट में उनके जुझारूपन, दृढ़ संकल्प और शानदार खेल भावना के लिए प्रदान किया गया. उनकी उपलब्धि भारतीय सेना के अनुशासन, साहस और कभी हार न मानने वाले जज्बे का उत्कृष्ट उदाहरण है. राकेश गोंड ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर आर्मी महाराष्ट्र टीम (AFSMC) का नाम रोशन किया. दोनों खिलाड़ियों की सफलता ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सेना के खिलाड़ियों की उत्कृष्ट प्रतिभा और समर्पण को एक बार फिर साबित किया. भारतीय सेना निरंतर ऐसे खिलाड़ियों को तैयार कर रही है, जो अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित कर रहे हैं. खेल के मैदान में उनकी उपलब्धियां सेना के मूल्यों-अनुशासन, सहनशक्ति और राष्ट्रभक्ति की सशक्त मिसाल हैं. इस उपलब्धि पर आईएसए के नेशनल ट्रेजरर एवं महाराष्ट्र प्रांत अध्यक्ष सुरेश हेमनानी ने संजीत दर्जी, राकेश गोंड, आर्मी महाराष्ट्र टीम ( AFSMC) तथा भारतीय सेना को हार्दिक बधाई देते हुए वेिशास व्यक्त किया कि टीम भविष्य में भी देश के लिए अनेक गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेगी.