बुडापेस्ट (हंगरी), 19 जुलाई (वार्ता) भारतीय पहलवानाें ने पाॅलीक इमरे, वर्गा जानाेस और काेजमा इस्तवान मेमाेरियल2026 रेसलिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चाैथे दिन एक स्वर्ण, दाे रजत और एक कांस्य सहित कुल चार पदक अपने नाम किये.
काजल ढाेचक ने महिला फ्रीस्टाइल 76 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंतिम पंघाल चाेट के कारण 53 किग्रा वर्ग के फाइनल से हटने की वजह से रजत पदक से संताेष करना पड़ा. महिला 57 किग्रा वर्ग में नेहा शर्मा ने रजत पदक जीता, जबकि 53 किग्रा वर्ग में निशु ने कांस्य पदक अपने नाम किया. इस तरह भारत ने बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज के चाैथे दिन कुल चार पदक हासिल किए. फरवरी में जाग्रेब ओपन में कांस्य पदक जीतने के बाद अपने पहले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरीं 21 वर्षीय अंतिम पंघाल ने फाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया. एशियन गेम्स-2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा अंतिम ने शुरुआती तीनाें मुकाबले 10-0 के तकनीकी श्रेष्ठता के अंतर से जीते.
उन्हाेंने जर्मनी की बियांका फाथ, चीन की ली यूशुआन और अमेरिका की क्रिस्टेल राेड्रिगेज काे एकतरफा अंदाज में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में अंतिम ने माैजूदा एशियाई चैंपियन चीन की झांग जिन काे राेमांचक मुकाबले में 7-5 से हराया. इस दाैरान उन्हाेंने लंबे समय तक चले पिन प्रयास से खुद काे बचाते हुए जीत दर्ज की. फाइनल से पहले चाेट लगने के कारण अंतिम काे स्वीडन की एम्मा माल्मग्रेन के खिलाफ स्वर्ण पदक मुकाबले से हटना पड़ा. इसके चलते उन्हें रजत पदक से संताेष करना पड़ा.
माैजूदा अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल ढाेचक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 76 किग्रा वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम किया. फाइनल में उन्हाेंने अमेरिका की पूर्व पैन अमेरिकन चैंपियन डायमंड गिलफाेर्ड काे 3-3 की बराबरी के बाद क्राइटेरिया के आधार पर हराकर खिताब अपने नाम किया.
सेमीफाइनल में काजल ने राेमानिया की पूर्व यूराेपीय चैंपियन अलेक्जेंड्रा एंगेल काे 9-0 से मात दी थी. इससे पहले उन्हाेंने चीन की शुइयान चेंग काे 3-0 से हराया था.