चिंचवड़, 20 जुलाई (आ.प्र.) चिंचवड़ के चिंचवड़े नगर परिसर में साेमवार सुबह एक आवासीय इमारत की पार्किंग में खड़ी दाे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर वाहनाें (ई-स्कूटर) में अचानक भीषण आग लग जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
देखते ही देखते आग ने राैद्र रूप धारण कर लिया और पार्किंग से धुएं के गुबार उठने लगे.इस भीषण अग्निकांड में दाेनाें ई-स्कूटर, एक एसी और पार्किंग में रखा अन्य सामान जलकर खाक हाे गया. हादसे में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है, जबकि धुएं के कारण एक महिला मामूली रूप से घायल हाे गई है.
यह दुर्घटना साेमवार सुबह करीब सवा सात बजे घटित हुई. पार्किंग में खड़ी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर वाहनाें से अचानक संदिग्ध धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलाें में दाेनाें वाहनाें ने आग पकड़ ली. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे ऊपरी मंजिलाें की ओर बढ़ने लगीं, जिससे इमारत के निवासियाें में भारी घबराहट और अफरा-तफरी मच गई. प्राथमिक जांच के अनुसार, आग लगने की वजह शाॅर्ट सर्किट या ई-स्कूटर की बैटरी में आई काेई तकनीकी खराबी (बैटरी ब्लास्ट) मानी जा रही है. हालांकि, वास्तविक कारणाें का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा.